पंचायत उप चुनाव को नामांकन कराए गए। जिसमें ग्राम पंचायत सदस्य के 1526 रिक्त पदों पर 1628 प्रत्याशियों ने पर्चा भरते हुए ताल ठोंकी। 1332 पदों पर एकल प्रत्याशियों द्वारा पर्चा दाखिल करने से इनका निर्विरोध सदस्य बनना तय माना जा रहा है। जबकि 194 पदों पर एक से अधिक प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया है।
वहीं जोया में बीडीसी के तीन पदों पर भी एकल- प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। इनका भी निर्विरोध बीडीसी बनना तय है। सोमवार को नामांकनों की जांच का कार्य प्रारंभ होगा। नामांकन के चलते सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद रही। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रविवार को उप चुनाव की निर्वाचन प्रक्रिया शुरू हुई।
जिले के सभी ब्लाकों में नामांकन कराए गए। अमरोहा ब्लाक में ग्राम पंचायत सदस्य के 353 पदों पर 370 ने पर्चा दाखिल किया। जिसमें 337 पदों पर एकल प्रत्याशियों ने पर्चा भरा। 337 प्रत्याशियों का निर्विरोध सदस्य बनना तय है। 16 पदों पर एक से अधिक ने नामांकन किया।
जोया ब्लाक में ग्राम पंचायत सदस्य के 403 पदों पर 432 ने नामांकन किया। 365 पदों पर एकल प्रत्याशियों द्वारा पर्चा दाखिल किए जाने से यहां भी 365 प्रत्याशियों का निर्विरोध सदस्य बनना तय है।
वहीं क्षेत्र पंचायत सदस्य के तीन रिक्त पदों पर भी तीन नामांकन हुआ। तीनों प्रत्याशी निर्विरोध बीडीसी बनने सकत हैं। गजरौला ब्लाक में 153 पदों पर 203 ने नामांकन किया। यहां भी 128 प्रत्याशियों का निर्विरोध सदस्य बनना तय माना जा रहा है।
गंगेश्वरी ब्लाक में 143 प्रत्याशियों का निर्विरोध ग्राम पंचायत सदस्य बनना तय माना जा रहा है। क्योंकि 143 लोगों ने एकल प्रत्याशियों के रूप में पर्चा दाखिल किया। धनौरा ब्लाक 204 पदों पर 240 ने पर्चा भरा। 186 पदों पर एकल प्रत्याशी ने नामांकन किया। यहां भी 186 प्रत्याशियों के निर्विरोध सदस्य बनने की स्थिति बन रही है।
हसनपुर ब्लाक में 240 प्रत्याशियों ने पर्चा भरा। इसमें 169 पदों पर एकल प्रत्याशियों ने पर्चा भरा। 69 पदों पर एक से अधिक ने नामांकन किया। यहां 169 प्रत्याशी निर्विरोध सदस्य बन सकते हैं। जिले भर में ग्राम पंचायत सदस्य के 194 पदों पर चुनाव कराया जा सकता है। यहां एक से अधिक प्रत्याशियों ने पर्चा भरा है।
सोमवार को नामांकनों की जांच की जाएगी। मंगलवार को नाम वापसी होगी। उधर, नामांकन के चलते सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद रही। नामांकन स्थल पर आरओ, एआरओ मुस्तैद रहे।
जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी एसके चतुर्वेदी ने बताया कि अधिकांश पदों पर एकल प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया है। सोमवार को नामांकनों की जांच की जाएगी। कुछ पद खाली भी रह गए हैँ। सभी ब्लाकों से रिपोर्ट मांगी जा रही है।