प्रधानी चुनाव को लेकर डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव कनपुरा में रविवार की रात करीब साढ़े आठ बजे दो पक्षों के बीच जमकर फायरिंग और पथराव हुआ। जिससे गांव में अफरा तफरी मच गई।
मौजूदा प्रधान पक्ष ने धावा बोलकर घर में तोड़फोड़ की। मारपीट में छह लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है।
डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव कनपुरा का मौजूदा प्रधान अफरोज फिर से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है। यहां का डा.नाजिम पुत्र अहमद अली दूसरे पक्ष को चुनाव लड़ा रहा है।
आरोप है कि रविवार की रात करीब साढ़े आठ बजे डा.नाजिम अपने भाई मोहसिन, आसिम व नाहिद के साथ अपने घर में बैठा कि तभी प्रधान अफरोज का बेटा अलतिमस, फरमान कई लोगों को साथ लेकर वहां आ धमके और लाठी डंडों से डा.नाजिम व उसके भाइयों की पिटाई शुरू कर दी।
उसकी कार और घर में भी तोड़फोड़ की। इसके बाद दोनों पक्षों में पथराव और फायरिंग शुरू हो गई। जिससे गांव में दहशत फैल गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों के कई लोगों को पकड़कर कोतवाली ले आई। मारपीट में डा.नाजिम, मोहसिन, आसिम, नाहिद जबकि बीच बचाव कराने पहुंचे गांव के शाहनवाज पुत्र तहसीन व शमीम अहमद पुत्र हाजी यासीन घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। कोतवाल इंद्रमणि वर्मा ने बताया कि गांव में प्रधानी चुनाव को लेकर मारपीट हुई है। फायरिंग जैसी कोई घटना नहीं हुई है।