आदमपुर थाना क्षेत्र में आठ साल की बच्ची की बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई। निर्वस्त्र हालत में गन्ने के खेत में बच्ची का शव मिलते ही सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। उधर, बच्ची की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। बच्ची के पिता की तरफ से पुलिस को नामजद तहरीर दी गई है। पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मामला आदमपुर थाना क्षेत्र की रहरा पुलिस चौकी से महज तीन किमी दूरी पर स्थिति एक गांव का है। बताते हैं कि पक्षी गेहूं के दाने चुग लेते हैं। इसको लेकर मंगलवार शाम को एक आठ वर्षीय बच्ची खेत पर गेहूं रखाने गई थी।
जब देर रात तक बच्ची घर नहीं लौटी तो परिजन तलाश करने के लिए खेत पर गए। काफी तलाश किया, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला।
बुधवार सुबह बच्ची के पिता और तीन अन्य ग्रामीणों को एक गन्ने के खेत में निर्वस्त्र हालत में बच्ची का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। सूचना मिलते मौके पर पुलिस पहुंच गई।
रेप के बाद बच्ची की हत्या की खबर से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।
दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज,पूछताछ
गंगेश्वरी(ब्यूरो)। सीओ सोमेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि बच्ची के पिता मनवीर की तहरीर पर नेमपाल व पप्पू निवासी गांव पथरा के खिलाफ नाबालिग बच्ची से बलात्कार के बाद हत्या करने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ की जा रही है।
सलवार के नाड़े से घोंटा बच्ची का गला
गंगेश्वरी(ब्यूरो)। दरिंदो ने आदमपुर थाना क्षेत्र में खेत पर गेहूं रखाने गई आठ वर्षीय बच्ची की बलात्कार के बाद उसी के सलावार के नाड़े से गला घोंटकर हत्या कर दी।
बुधवार सुबह सात बजे जब बच्ची के पिता ने तलाशी के दौरान गन्ने के खेत में बच्ची का निर्वस्त्र खून से लथपथ शव देखा, तो बच्ची के गले में उसकी सलवार का नाड़ा लिपटा हुआ था।
शराब के नशे में की गई दरिंदगी
गंगेश्वरी। ग्रामीणों का कहना है कि जिन लोगों के खिलाफ मुकदमा लिखाया गया है वह शराबी किस्म के हैं। हो सकता है कि बच्ची के साथ उन्होंने दरिंदगी शराब के नशे में ही की है। बहरहाल पुलिस को पूछताछ में इन्होंने अभी कोई खास जानकारी नहीं दी है।