गृहक्लेश में वेल्डर ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पत्नी ने गांव जाकर पति के शराब पीकर जहर खाने की बाबत जानकारी दी। परिजनों ने पत्नी और उसके भाई पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच कर कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत किया और शव को कब्जे में ले लिया है।
नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव गुलड़िया निवासी तहसीन (30) पुत्र रफीक अहमद वेल्डिंग का काम करता था। कुछ माह पहले उसने शहर के मोहल्ला बड़ा दरबार निवासी अनम पुत्री ताहिर हुसैन से शादी की थी।
पिछले छह माह से तहसीन, पत्नी के साथ मोहल्ला इकरारनगर, धनौरा बस स्टैंड पर फारूख के मकान में किराए पर रह रहा था। बताते हैं कि पति पत्नी में पिछले कई दिनों से मनमुटाव बना हुआ था।
शुक्रवार की सायं करीब साढ़े चार बजे तहसीन ने कमरा बंद करके फांसी लगा ली। खिड़की तोड़कर लोग कमरे में घुसे और तहसीन को फंदे से उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
अनम ने गुलड़िया फोन करके ससुरालियों को यह सूचना दी कि तहसीन ने शराब पीने के बाद जहर खा लिया है। सूचना मिलते ही तमाम लोग गुलड़िया से यहां पहुंचे और तहसीन को निजी नर्सिंग होम में लेकर पहुंचे, लेकिन डाक्टर ने देखते ही मृत घोषित कर दिया।
परिजन शव को गांव ले गए। रात करीब पौने दस बजे तमाम ग्रामीण ट्रैक्टर ट्राली में सवार होकर इकरानगर पहुंचे और पत्नी और उसके भाई पर हत्या करने का आरोप लगाते हंगामा करना शुरू कर दिया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत किया। पुलिस ने मृतक के साले अरशद और मोहल्ले के ही एक अन्य इमरान पुत्र आरिफ को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने लाश को कब्जे में ले लिया है।