हसनपुर के गांव नंगलिया मुंशी की तरफ जा रहे रास्ते में बदमाशों ने हथियारों के बल पर चार लोगों को बंधक बनाकर दो बाइक और नगदी लूट ली। बदमाश जाते समय पीड़ितों को खाई में डाल गए।
उधर, संभल अड्डे पर दिनदहाड़े एक घर में घुसे बदमाशों ने एक व्यक्ति को तमंचे के बल पर कब्जे में लेकर सोने के जेवरात लूट ले गए। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव नंगलिया मुंशी निवासी संजीव कुमार दवा लेने के लिए मेरठ गए थे। शुक्रवार रात करीब दस बजे जब लौटे तो झकड़ी अड्डे से अपने भाई प्रदीप को फोनकर बुला लिया।
प्रदीप अपने साथ गांव के ही सुधांशू को साथ लेकर आ गया। इसके बाद तीनों बाइक से गांव की ओर चल दिए। रास्ते में हथियारबंद बदमाशों ने बाइक को रोक लिया और मारपीट कर तीनों से साढ़े सात हजार रुपये नगदी, मोबाइल और बाइक लूट ली।
बाद में तीनों के हाथपैर बांधकर खाई में डाल दिया। इस दौरान महमूदपुर निवासी लाला भी अपनी बाइक से आया तो बदमाशों ने उसे भी रोक लिया और मारपीट कर बाइक लूट ली।
उसे भी बदमाशों ने बांधकर डाल दिया और फरार हो गए। किसी तरह से युवक बंधनमुक्त हुए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। उधर, संभल अड्डा निवासी हुस्नजहां किसी काम से असमोली गई थी।
शनिवार को दोपहर करीब दो बजे बदमाश घर में घुस गए और घर में सो रहे नसीम को तमंचे के बल पर कब्जे में लेकर सोने के जेवरात लूटकर फरार हो गए। मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है।