दिल्ली से एक कार में लिफ्ट लेकर बैठे चार बदमाशों ने ब्रजघाट के पास चालक को गनप्वाइंट पर बंधक बना लिया और उसकी पिटाई कर पच्चीस सौ रुपये, मोबाइल लूट लिए।
बाद में चालक को कार की डिग्गी में डालकर गढ़-स्याना रोड पर ले गए। यहां उसे जंगल में फेंककर कार लेकर फरार हो गए। मामले की तहरीर पुलिस को दे दी गई है।
अमरोहा के मोहल्ला कटरा गुलाम अली निवासी राजा उर्फ सद्दाम पुत्र जफर, मोहल्ला नई बस्ती तलवारशाह निवासी बदरूद्दीन की कार चलाता है। रविवार शाम करीब सात बजे चालक दिल्ली से अपने घर के लिए चला तो दिल्ली में लालकुंआ के पास चार युवकों ने गाड़ी को रोकने का इशारा किया।
चालक ने गाड़ी रोकी तो बदमाश गजरौला जाने की बात कहकर गाड़ी में बैठ गए। जब गाड़ी गढ़ चौराहे पर आई तो दो और व्यक्तियों ने गाड़ी को हाथ से इशारा करके रुकवा लिया और वह भी गजरौला आने के लिए बैठ गए। इधर, कार ने ब्रजघाट गंगापुल पार किया तो लालकुंआ से बैठे युवकों में से एक ने तमंचे के बल पर चालक को कब्जे में ले लिया और गढ़ से बैठी सवारियों को मारपीटकर उतार दिया।
चारों युवकों ने चालक के साथ मारपीट कर जेब में रखे पच्चीस सौ रुपये और मोबाइल लूट लिया। बाद में चारों युवकों ने चालक को कार की डिग्गी में डाल दिया और वापस गढ़ की तरफ चल दिए। चारों युवकों ने गढ़-स्याना रोड पर चालक को डिग्गी से निकालकर जंगल में फेेंक दिया और गाड़ी लेकर फरार हो गए।
चालक ने मामले की तहरीर गजरौला पुलिस को दे दी है। जहां पर चारों युवकों ने घटना को अंजाम दिया। वहां से मात्र सौ मीटर दूरी पर ही ब्रजघाट पुलिस चौकी है।
फोटो भी है।