पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मुनव्वरपुर गांव के नजदीक बिना नंबर के कंटेनर से करीब पांच लाख रुपये कीमत की हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब के साथ दो तस्करों को धर दबोचा, जबकि एक आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
थाना पुलिस को सोमवार की सुबह मुखबिर से अवैध शराब के आने की सूचना मिली। एसओ अशोक सोलंकी ने पुलिस दल के साथ सुबह करीब सात बजे मुनव्वरपुर गांव से देवी डिग्री कालेज की तरफ जाने वाले मार्ग पर एक बिना नंबर के कंटेनर को रुकवा लिया।
तलाशी के दौरान कंटेनर से 118 पेटी पव्वा और 22 पेटी बोतल हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब बरामद की। पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के आरोप में मौके से सुरेंद्र पुत्र प्रेम सिंह निवासी गांव शिवा, थाना चांदनी बाग जिला पानीपत हरियाणा और थाना क्षेत्र के गांव नाजरपुर के राजेंद्र उर्फ चमन पुत्र हरिश्चंद्र को गिरफ्तार कर लिया। जबकि, गांव गाजरपुर निवासी देवेंद्र सिंह पुत्र भगत सिंह मौके से फरार हो गया।
सीओ सिटी शील कुमार ने थाने पहुंचकर घटना का खुलासा किया और बताया कि करीब पांच लाख रुपये कीमत की अवैध हरियाणा मार्का शराब के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक फरार हो गया है। आरोपियों को अदालत से जेल भेज दिया गया है।