फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बुढ़नपुर-गजरौला के अधूरे फ्लाईओवर बने किलर प्वाइंट

Mon, 01 Feb 2016 12:18 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला अमरोहा
विज्ञापन
विज्ञापन
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अफसरों के संजीदा न होने से नेशनल हाईवे पर सफर सुरक्षित नहीं रह गया है। बुढ़नपुर और गजरौला में अधूरे पड़े फ्लाई ओवर दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र बन चुके हैं, लेकिन इन्हें बनाकर लोगों की जिंदगी सुरक्षित करने की कोशिश नहीं की जा रही है।
विज्ञापन


अफसरों की उदासीनता का यह आलम है कि, दोनों अधूरे फ्लाईओवर के लिए वन विभाग की ओर से एनओसी मिलने के बाद भी इसका निर्माण नहीं कराया जा रहा है।

भूतल सड़क परिवहन मंत्रालय ने सर्वेक्षण कराके अधिक दुर्घटना की वजह से नेशनल हाईवे पर अतरासी चौराहे को ब्लैक स्पॉट घोषित कर दिया है, मगर इसके अलावा भी हाईवे पर तमाम स्पॉट हैं जहां आए दिन हादसे हो रहे हैं।

चौराहे से करीब 15 किलोमीटर दूर बुढ़नपुर और इतनी ही दूर गजरौला में दो फ्लाईओवर करीब आठ-दस साल से अधूरे पड़े हैं। पहले फ्लाईओवर का निर्माण कराने में वन विभाग की एनओसी नहीं मिलना आड़े आ रहा था। लेकिन अब वन विभाग की ओर से क्लीयरेंस सर्टिफिकेट मिलने के बाद भी नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने इन्हें बनाने के लिए कोई कोशिश नहीं की है।
विज्ञापन


दोनों अधूरे फ्लाईओवर पर अक्सर हादसे का सबब बन रहे हैं, मगर प्राधिकरण के अफसर बेफिक्र हैं। यहां सुरक्षा के इंतजाम भी नहीं किए गए। बुढ़नपुर में फ्लाईओवर के ऊपर संकेतकों का भी ऐसा इंतजाम नहीं है जोकि फ्लाईओवर को अधूरा बताने के लिए काफी हो।

इससे रात तो रात दिन में भी अक्सर वाहन चालक चकरा जाते हैं और नीचे गिर जाते हैं। ठीक यही स्थिति गजरौला में अधूरे फ्लाईओवर पर है। हादसे न हों इसलिए स्थानीय पुलिस ने बैरियर तो लगा दिए हैं, मगर यह भी नाकाफी साबित हो रहा है। इससे बुढ़नपुर और गजरौला के अधूरे फ्लाईओवर राहगीरों के लिए किलर प्वाइंट बन गए हैं।

फ्लाईओवर अधूरे टोल टैक्स की वसूली पूरी
गजरौला और बुढ़नपुर में फ्लाईओवर अधूरे होने के बाद भी टोल प्लाजा पर वसूली में कोई रियायत नहीं है। जोया टोल प्लाजा और गढ़मुक्तेश्वर टोल प्लाजा को अत्याधुनिक बनाने का काम तो तेजी के साथ चल रहा है, लेकिन अधूरे फ्लाईओवर पूरे करने के लिए अभी तक कोई काम नहीं हुआ है।


नियमों की अनदेखी
नेशनल हाईवे पर सड़क बनाने में नियम और कानून का ध्यान नहीं दिया जा रहा है। लोकनिर्माण विभाग के इंजीनियरों के मुताबिक 14 डिग्री सेल्सियस से कम तापमान होने पर कोलतार की सड़क नहीं बनाई जा सकती, लेकिन इसके बाद भी जगह-जगह सड़क बनाई जा रही है। इंजीनियरों के मुताबिक, 14 डिग्री से कम तापमान पर बनाई गई सड़क जल्द उखड़ जाती है।

कई स्थानों पर जरूरी हुए फ्लाईओवर
नेशनल हाईवे पर कई और ऐसे स्थान हैं जहां फ्लाईओवर की जरूरत है। इनमें रजबपुर, अतरासी चौराहा, संभल चौराहा आदि हैं। यदि इन स्थानों पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण फ्लाईओवर बना देता है तो हादसों में कमी आ जाएगी।


बुढ़नपुर और गजरौला में अधूरे फ्लाईओवर का काम कुछ तकनीकी दिक्कतों से रुका हुआ है। बहुत जल्द नेशनल हाईवे के दोनों प्वाइंट कंपलीट करा दिए जाएंगे।-एमके अग्रवाल प्रोजेक्ट मैनेजर एनएचएआई
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें