पुलिस ने छह माह से दो थाना क्षेत्रों में दहशत का पर्याय बने बदमाशों के गैंग का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस का दावा है कि, उसने मुठभेड़ के बाद तीन शातिर बदमाशों को दबोच लिया, जबकि एक बदमाश फरार होने में कामयाब रहा।
बदमाशों की निशानदेही पर पुलिस ने नगदी समेत करीब दो लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर और कुछ सामान भी बरामद करने का दावा किया है। पूछताछ में बदमाशों ने नौ सितंबर को सुबोधनगर कालोनी की एक महिला से दुष्कर्म, मोहल्ला कुरैशी नईबस्ती में 12 अक्तूबर को मुकीम मर्डर समेत दस लूट और चोरी की वारदातों का अंजाम देना स्वीकार किया है।
शहर के मोहल्ला कुरैशी, नईबस्ती में 12 अक्तूबर को तीन बदमाशों ने गोली मारकर पेंटर मुकीम की हत्या कर दी थी। इससे पहले सीढ़ी लगाकर छत पर चढ़े बदमाशों ने मुकीम के बड़े भाई शकील को कब्जे में ले लिया था। शकील ने पुलिस को बताया था कि बदमाश संख्या में तीन थे, जिनमें दो जवान और एक बूढ़ा था।
मंगलवार रात शकील टीपीनगर तिराहा स्थित एक दरगाह के पास से गुजर रहा था, तो उसकी नजर बदमाशों पर पड़ गई। उसने तुरंत 100 नंबर पर इसकी सूचना दी, रात करीब 11 बजे कोतवाली सदर, अमरोहा देहात और स्वाट टीम ने घेराबंदी कर बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया। इस पर बदमाश भाग खड़े हुए और पुलिस पर फायरिंग भी की।
इस दौरान तीन बदमाश दबोच लिए गए, तलाशी के दौरान उनके पास से दो तमंचे, चार जिंदा और खोखा कारतूस, सब्बल, सरिया, दरी, चादरें मिलीं। पूछताछ के दौरान बदमाशों ने अपने नाम नईम उर्फ नईमुद्दीन पुत्र अब्दुल अजीज निवासी गांव कांकर सराय थाना देहात, यामीन पुत्र जाफर निवासी सिकेटरी कालोनी जोया डिडौली, अकबर पुत्र अख्तर निवासी मोहल्ला इस्लाम नगर अमरोहा बताए, जबकि फरार साथी का नाम सलीम पुत्र लतीफ निवासी गांव कैलसा देहात थाना बताया।
आरोपियों ने दुष्कर्म, मर्डर, लूट और चोरी की दस वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। एसपी संजीव त्यागी ने गैंग को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
बरामदगी
पुलिस ने उनकी निशानदेही पर 50,240 रुपये नगद और करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत का डिजीटल कैमरा, सीडी प्लेयर, गैस सिलेंडर, 8 जोड़ी सोने के कुंडल, 6 जोड़ी चांदी की पाजेब, 10 सोने-चांदी की अगूंठी, 1 मंगल सूत्र, 10 जोड़ी कानों के टॉप्स, मोबाइल बरामद किए।
आपराधिक इतिहास
यामीन पर डिडौली कोतवाली में संगीन धाराओं में तीन मामले, एक कोतवाली सदर, जबकि तीन मामले काशीपुर जिला उधम सिंह नगर उत्तराखंड में दर्ज हैं। अकबर पर संगीन धाराओं में तीन मामले काशीपुर जिला उधम सिंह नगर उत्तराखंड, दो डिडौली कोतवाली में दर्ज हैं। नईम पर संगीन धाराओं में एक मामला कोतवाली सदर, एक अमरोहा देहात, एक डिडौली और एक मामला गजरौला थाने में दर्ज है।