भाद्रपद पूर्णिमा के अवसर पर ब्रजघाट गंगा तट पर स्नान के लिए सोमवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पतित पावनी गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य लाभ कमाया। इस दौरान गंगा तट हर-हर गंगे के जयकारे से गूंजता रहा।
भाद्रपद की पूर्णिमा पर पुण्य स्नान के लिए सोमवार अल सुबह से ब्रजघाट गंगा तट पर श्रद्धालुओं का तांता लग गया था। आलम यह था कि गंगा तट से हाईवे तक श्रद्धालु नजर आ रहे थे। श्रद्धालुओं ने हर-हर गंगे के जयकारे के साथ गंगा में डुबकी लगा कर पुण्य लाभ कमाया। गंगा स्नान कर पूजा-अर्चना की और दान पुण्य किया।
वहीं महिलाओं ने चाट पकौड़ी का जायका लिया। बच्चों ने खेल खिलौने खरीदे। पुजारियों के मुताबिक, भाद्रपद पूर्णिमा से ही पितृ श्राद्ध की शुरुआत होती है। इसलिए इस दिन गंगा स्नान करने के लिए ज्यादा श्रद्धालु आते हैं। अनुमान है कि, इस दिन एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया है।
जाम ने बढ़ाई श्रद्धालुओं की मुसीबत
गजरौला। भाद्रपद पूर्णिमा पर ब्रजघाट पर दिन भर जाम की स्थिति बनी रही। जाम से श्रद्धालुओं को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। आलम यह था कि पुल क्रास करने में ही घंटों लग गए। वहीं लोगों ने अधूरे पड़े निर्माणाधीन पुल का निर्माण पूरा कराने की मांग की।