पंचायत चुनाव के प्रथम चरण की नामांकन प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई। पहले दिन अमरोहा ब्लाक क्षेत्र के एक से छह वार्डों के लिए जिला पंचायत सदस्य पद के लिए 18 प्रत्याशयों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। मंगलवार को नामांकन का अंतिम दिन है, फिलहाल 106 नामांकन प्रपत्रों की बिक्री हुई है। वहीं, ब्लाक अमरोहा में क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) पद के लिए 163 प्रत्याशियों ने पर्चेे भरे। उधर, सुरक्षा के लिए कलेक्ट्रेट और अमरोहा ब्लाक छावनी में तब्दील रहा।
प्रथम चरण में अमरोहा ब्लाक के वार्ड नंबर 1, 2, 3, 4, 5, 6 पर जिला पंचायत सदस्य का चुनाव होगा। सोमवार से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन 18 प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया। जिसमें वार्ड नंबर एक से बानो, हाजरा खातून ने पर्चा भरा। जबकि वार्ड नंबर दो से मुनेश यादव, बिनेश यादव, कमलेश, भूरी, हरिवंदर कौर ने पर्चा भरा। हरविंदर कौर ने दो सेट में पर्चा दाखिल किया। वार्ड नंबर तीन से मोहम्मद अंसार, इंतजार ने नामांकन किया। वार्ड नंबर चार से चमन जहां, सायमा ने नामांकन किया।
वहीं, वार्ड नंबर पांच से सुरेंद्र सिंह, योगेश कुमार, रवि कुमार, हरपाल सिंह, रामकुमार, संतराम यादव, मंजू यादव ने पर्चा दाखिल किया। जबकि वार्ड नंबर छह से पहले दिन किसी भी प्रत्याशी की ओर से नामांकन नहीं किया गया। पहले दिन 106 नामांकन प्रपत्रों का वितरण हुआ है।
सपा और बसपा समर्थित ने पर्चा भरा
वार्ड नंबर दो से मुनेश यादव पत्नी मस्तराम यादव, बिनेश यादव पत्नी खचेडू सिंह, वार्ड नंबर पांच से संतराम यादव, मंजू यादव, रवि कुमार ने सपा समर्थित प्रत्याशी के रूप में पर्चा दाखिल किया। वहीं, वार्ड नंबर दो से हरविंदर कौर और वार्ड नंबर चार से चमन जहां, सायमा ने बसपा समर्थित प्रत्याशी के रूप में पर्चा दाखिल किया।
छावनी में तब्दील रहा कलेक्ट्रेट
अमरोहा। जिला पंचायत सदस्य चुनाव की नामांकन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए कलेक्ट्रेट छावनी में तब्दील रहा। चप्पे -चप्पे पर पुलिस तैनात रही। वाहनों के काफिले को अंदर आने से रोकने के लिए कलेक्ट्रेट में बैरीकेडिंग की गई। जोया रोड पर वाहनों की भीड़ लगी रही। अंदर वाहनों की नो एंट्री रही।
प्रत्याशी समेत चार लोग ही अंदर जा सके
अमरोहा। प्रत्याशी समेत ही चार लोग नामांकन स्थल के अंदर जा सके। बाकी समर्थकों को गेट के बाहर ही रोक दिया गया। नामांकन स्थल के अंदर भी प्रत्याशी समेत चार लोग जा सके। गेट के बाहर पुलिस तैनात रही।