क्षेत्र गांव बिजौरा में बूढ़े बाबू मेले में दूसरे दिन भी बृहस्पतिवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्घालुओं ने बूढ़े बाबू के मठ पर पूजा-अर्चना कर जात लगाई। इसके बाद तालाब पर पहुंच कर चर्म रोग दूर करने और परिवार की खुशहाली के लिए मन्नत मांगी।
गांव बिजौरा में तालाब किनारे स्थित बूढ़े बाबू मंदिर परिसर में बुधवार से विशाल मेला लगा हुआ है। मेले के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को सुबह से ही ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने बूढ़े बाबू मठ पर जात लगाई और मेले का लुत्फ उठाया। बच्चों ने खेल खिलौने खरीदे। झूले और चाट-पकौड़ी की दुकानों पर युवाओं व महिलाओं की भीड़ देखने को मिली।