गन्ने के खेत में आपत्तिजनक हालत में प्रेमिका के साथ पकड़े गए युवक को ग्रामीणों ने पेड़ से बांधकर बुरी तरह पीटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को छुड़ाया और हालत बिगड़ने पर निजी चिकित्सक से उपचार कराया। बावजूद इसके पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय मामले को यूं ही रफा-दफा कर दिया।
मामला देहात थाना क्षेत्र के एक गांव का है। गांव के कुछ युवकों ने गुरुवार शाम पांच बजे एक गन्ने के खेत में गांव के ही प्रेमी युगल को संदिग्ध हालत में पकड़ा लिया और दोनों को पीटते हुए गांव में ले आए।
गांव लाकर उन्होंने प्रेमिका को तो छोड़ दिया, लेकिन प्रेमी को सरेआम पेड़ से बांधकर पिटाई शुरू कर दी। तमाशबीन बने अन्य लोगों को भी युवक की हालत पर दया नहीं आई। गांव के ही ये लोग युवक को पीटते रहे।
परिजनों ने छुड़ाने का प्रयास किया तो उन्हें धमकाकर भगा दिया। कोई रास्ता नहीं सूझा तो युवक के परिजनों ने पुलिस को सूचित कर दिया। कैलसा चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को छुड़ाया और निजी चिकित्सक से उसका इलाज कराया।
बावजूद इसके चौकी पुलिस ने मामला रफा दफा कर दिया। एसओ देवेंद्र सिंह धामा ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।