थाना गजरौला में मंगलवार को बवाल करना सपा और बसपा समर्थकों को महंगा पड़ गया है। इस मामले में पुलिस ने 20 लोगों को नामजद करते हुए दोनों पक्षों से 32 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही पुलिस ने 21 लोगों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया है।
गांव मुरादपुर में हर्ष फायरिंग के दौरान बसपा समर्थित नव निर्वाचित जिला पंचायत सदस्य नेपाल सिंह और हारे सपा समर्थित प्रत्याशी ओमकार सिंह पहलवान के समर्थक भिड़ गए थे। बवाल की वजह सपा प्रत्याशी समर्थक गिरवर सिंह के बेटे राजदीप और मोहित को छर्रे लगना बनी थी।
ताबड़तोड़ फायरिंग, पत्थरबाजी के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे थे। इस दौरान थाने में एक-दो सिपाही व होमगार्ड ही थे। यहां भी दोनों पक्षों में मारपीट हुई, कुर्सियां चलीं और तोड़फोड़ की गई। इस बीच गांव से लौटी फोर्स ने बवाल देख लाठियां भांजीं।
इसके अलावा कुछ लोगों को हिरासत में लेकर हवालात में भी डाला था। सीओ मोहनलाल ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने 20 नामजद समेत 32 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर 21 लोगों को गिरफ्तार कर चालान किया है।