फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एसओजी ने शीरे से लदे 13 टैंकर पकड़े, 3 चालक गिरफ्तार

Mon, 28 Sep 2015 12:07 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला अमरोहा
विज्ञापन
विज्ञापन
एसओजी ने बंद पड़ी मैंथा फैक्ट्री पर छापा मारकर शीरे से लदे 13 टैंकर पकड़े हैं। इन टैंकरों से फैक्ट्री में शीरा उतारा जा रहा था। शीरे को पंचायत चुनावों के मद्देनजर अवैध शराब बनाने के लिए यहां से विभिन्न स्थानों पर भेजा जाता। पुलिस की रेड पड़ते ही चालक टैंकर छोड़कर फरार हो गए, हालांकि टीम तीन चालकों को पकड़ने में सफल रही।
विज्ञापन


मास्टरमाइंड भी तीन साथियों के साथ एसओजी को गच्चा देने में कामयाब रहा। एसओजी, आबकारी और पुलिस टीम कानूनी कार्रवाई में लगी हुई थी। पकड़े गए 13 टैंकरों में लगभग तीन करोड़ रुपये का शीरा लदा होने की बात कही जा रही है।


एसओजी प्रभारी जितेंद्र सिंह को सूचना मिली थी कि बछरायूं में रेलवे स्टेशन को जाने वाली रोड पर बंद पड़ी एक मैंथा फैक्ट्री में अवैध रूप से टैंकरों से शीरा की अनलोडिंग की जाती है। सूचना मिलते ही एसओजी की टीम रविवार तड़के ही फैक्ट्री के पास छिप गई। एक घंटे के बाद एक-एक कर शीरे से लदे 13 टैंकर आए।
विज्ञापन


टैंकर फैक्ट्री में ही बने एक गहरे गड्ढे में शीरा उतार रहे थे। मैंथा फैक्ट्री में लगे तेल के ओवरहेड टैंक में भी पंप के जरिये शीरा पहुंचाया जाने लगा। इस बीच एसओजी प्रभारी ने आबकारी टीम को भी मौके पर बुला लिया। मौका पाते ही एसओजी ने दबिश दी तो चालकों में हड़कंप मच गया।

सभी चालक और इस धंधे का मास्टरमाइंड अंधेरे का लाभ उठाते हुए खेतों की तरफ भाग निकले, लेकिन टीम तीन चालकों को पकड़ने में कामयाब रही। पकड़े गए चालकों के नाम चंद्रपाल सिंह पुत्र अमर सिंह निवासी ग्राम गढ़िया मनपुरा थाना अगौता जिला बुलंदशहर, महेश पुत्र फकीरा निवासी ग्राम विशुंदरा थाना औरंगाबाद जनपद बुलंदशहर, नीरज पुत्र किशनपाल कश्यप ग्राम मुगलपुर थाना मीरापुर जनपद मुजफ्फरनगर बताए गए हैं।

पंचायत चुनावों के लिए तैयार की जाती शराब
बछरायूं। अवैध रूप से अनलोड किए जा रहे शीरे से पंचायत चुनाव के लिए शराब बनाई जानी थी। पकड़े गए चालकों ने बताया कि धंधे के मास्टरमाइंड ने उनको शीरा उतारने का लालच दिया। चालक के मुताबिक मास्टरमाइंड ने आपसी बातचीत में शीरे से पंचायत चुनाव के लिए शराब तैयार किए जाने की बात कही थी। शीरे से लाहन बनाकर उसे विभिन्न स्थानों पर भेजने की योजना थी।

पुलिस अधीक्षक संजीव त्यागी ने बताया कि जब्त किए गए शीरे की कीमत 13 करोड़ रुपये है। टैंकर चालकों ने लालच में ही आकर अलीगढ़ जाने के लिए रूट डायवर्ट किया था, वर्ना उनको दूसरे रूट से अलीगढ़ जाना था। एसपी का कहना है कि पंचायत चुनावों के मद्देनजर यह बड़ी सफलता है। उन्होंने एसओजी टीम को 2500 रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।

मुरादाबाद के कुंदरकी थाने का है मास्टरमाइंड
बछरायूं। जनपद मुरादाबाद के थाना कुंदरकी के गांव कुलवाड़ा निवासी सद्दाम को इस धंधे का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। उसने अपने गांव के ही तीन और लोगों के साथ मिलकर अवैध रूप से शराब बनाने की योजना बनाई थी। एसओजी प्रभारी ने बताया कि सद्दाम के साथ उसके गांव कुलवाड़ा के ही अब्दुल सलाम पुत्र फकीर शाह, शमशेर पुत्र भूरा शाह और बनारसी वाल्मीकि पुत्र त्रिलोकी भी इस खेल में शामिल थे। सभी आरोपी मौके से फरार हो गए हैं।

मुख्य आरोपी ने जनप्रतिनिधि के पुत्र का हवाला देते हुए आश्वासन दिया था
बछरायूं। एसओजी की ओर से टैंकरों को पकड़ते ही नेताओं के फोन आने लगे। एक चालक ने एसओजी प्रभारी को बताया कि सद्दाम का सत्ताधारी पार्टी के एक जनप्रतिनिधि के पुत्र से साठगांठ है। सद्दाम ने ही सभी चालकों को भरोसा दिलाया था कि पुलिस से भी बातचीत हो चुकी है। यदि पकड़े भी गए तो कोई कार्रवाई नहीं होगी।

इसी आश्वासन पर वे लोग लालच में आ गए थे। एसओजी प्रभारी ने बताया कि मामला रफादफा करने के लिए उनके पास सियासी लोगों के फोन आए थे। सद्दाम ने बंद पड़ी फैक्ट्री के चौकीदार को भी लालच देकर वहां शीरा उतारने का इंतजाम कर लिया था। चौकीदार छापा पड़ते ही फरार हो गया।

शीरा निकालकर मिला दिया जाता पानी
बछरायूं। एसओजी प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि शीरे से लदे सभी टैंकर मुजफ्फरनगर जनपद के पुरकाजी क्षेत्र के गांव खाईखेड़ा स्थित उत्तम शुगर मिल से अलीगढ़ स्थित वेव डिस्टलरी को जा रहे थे। चालकों ने इस खेल के मास्टरमाइंड की ओर से दिए गए लालच में आकर सभी टैंकर मैंथा फैक्ट्री में ले आए।

टैंकरों से शीरा उतार कर उसमें पानी मिलाया जा रहा था। एसओजी टीम को चालकों ने बताया कि शीरा उतारने के बाद उसमें उतना ही पानी मिला दिया जाता है। चालकों के पास फर्जी सील और मुहर पाई गई। पकड़े गए चालकों ने बताया कि शीरा उतारने के बाद फिर से सील और मुहर लगा दी जाती है। सभी टैंकर आजाद रोड लाइन के हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें