सरकारी स्कूल के एक इंचार्ज अध्यापक ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। साढ़े चार हजार रुपये चोरी करने के शक पर कक्षा दो की एक मासूम छात्रा और छात्र को बेरहमी से पीटा।
रुपये नहीं मिले तो पुलिस को बुलाकर भी पिटवाया। स्कूल की छुट्टी के बाद साथी बच्चों ने घर जाकर उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी, तब परिजनों ने बच्चों को बंधनमुक्त कराया। तहरीर देने के बावजूद पुलिस ने कार्रवाई नहीं की है।
मामला देहात थाना क्षेत्र स्थित लाइनपार के एक सरकारी स्कूल का है। यहां के इंचार्ज अध्यापक ने पर्स से साढ़े चार हजार रुपये चोरी होने पर बच्चों पर शक जाहिर किया और सभी बच्चों की तलाशी ली।
बाद में कक्षा दो की एक छह वर्षीय बच्ची को पकड़ लिया और उस पर रुपये चोरी करने का इल्जाम लगाया। चोरी कुबूल कराने के लिए उसने छात्रा को कुर्सी से बांधकर डिश केबल के तार से बुरी तरह पीटा। बैग की तलाशी ली, लेकिन रुपये नहीं निकले।
मासूम बच्ची रोती रही और रुपये नहीं चुराने की बात कहती रही, लेकिन अध्यापक को जरा भी तरस नहीं आया। इसके बाद कक्षा दो के एक छात्र को भी बेरहमी से पीटा और उसके पास भी रुपये नहीं निकले।
स्कूल की छुट्टी के बाद सभी बच्चों को घर भेज दिया, लेकिन इन दोनों मासूमों को नहीं छोड़ा। पुलिस को बुलाकर भी सिपाहियों से प्रताड़ित कराया।
कुछ बच्चों ने घर पहुंचकर दोनों के परिजनों को घटना की बाबत जानकारी दी, तो करीब चार बजे परिजन स्कूल पहुंचे और बच्चों को अध्यापक के कब्जे से छुड़ाया। थाने पहुंचकर तहरीर भी दी, लेकिन पुलिस ने पीड़ितों को टरका दिया।