जोया रोड पर शुक्रवार दोपहर करीब पौने दो बजे छुट्टी के बाद बच्चों को छोड़ने जा रही वैन में पीछे से तेज गति से आ रही जिप्सी ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन सड़क से नीचे उतर कर झाड़ी में जा घुसी।
इसके बाद चीख-पुकार मच गई, आनन-फानन में सभी बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां दो की हालत नाजुक होने पर उन्हें मुरादाबाद रेफर कर दिया गया, जबकि बाकी छह बच्चों को मलहम पट्टी के बाद घर भेज दिया गया।
जोया-अतरासी बाईपास मार्ग पर स्थित हिल्टन कांवेंट स्कूल की शुक्रवार दोपहर डेढ़ बजे छुट्टी हुई थी। वैन चालक जोया, नारंगपुर और सलामतपुर गांव के करीब 17 छात्र-छात्राओं को बैठाकर करीब पौने दो बजे स्कूल से निकला था। अभी वैन जोया रोड पर ही पहुंची थी कि तभी पीछे से तेज गति में आ रही जिप्सी ने टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही वैन सड़क से नीचे उतर कर झाड़ी में जा घुसी और बच्चों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर मौके पर पहुंची एंबुलेंस से सभी बच्चों को जिला अस्पताल ले जाया गया। कई बच्चे खून से तर थे। ईशा (13) पुत्री हरेंद्र निवासी सलामतपुर के दांत टूट गए और उसे डेंटल कालेज रेफर कर दिया गया जबकि लक्ष्य (9) पुत्र सुमित गुप्ता निवासी जोया को भी बेहद गंभीर हालत में रेफर कर दिया गया।
पलक (11) पुत्री राजू , लायबा (11) पुत्री अलीमुद्दीन, इलकान (5) पुत्र नजारूल निवासीगण जोया, हिमानी (17) पुत्री चेतन सिंह, यशी (7) पुत्री संदीप निवासीगण नारंगपुर, सार्थव (8) पुत्र रोहित निवासी गांव सलामतपुर कोतवाली डिडौली को मलहम पट्टी के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
इन्हें भी लगी चोट
अंशिका गुप्ता पुत्री सुमित गुप्ता, वंशिका पुत्री विकास, सुशांसी पुत्री अमित, विशेष व अंश कुमार पुत्रगण राजू, मोहम्मद आमिर पुत्र नजारत हुसैन, मंजीत पुत्र रोहित कुमार निवासीगण जोया, वंश पुत्र मुनेंद्र निवासी गांव सलामतपुर व भावना पुत्री संदीप निवासी गांव नारंगपुर को भी हादसे में हल्की चोट आई है।
नशे में धुत था जिप्सी चालक
अमरोहा। हादसा के समय पीछे से आ रहे दूसरे वैन के चालक ने जिप्सी चालक को धर दबोचा। जिप्सी चालक शराब के नशे में धुत था। वह ठीक से खड़े होने की स्थिति में भी नहीं था। हादसा होते ही मौके पर स्कूल का समस्त स्टाफ पहुंच गया और राहगीर भी रूक गए। लोगों ने चालक की पिटाई की और मौके पर पहुंची देहात पुलिस को सौंप दिया।
चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
एसओ देहात देवेंद्र सिंह धामा ने बताया कि स्कूल के वैन चालक राजेश कुमार की तहरीर पर आरोपी जिप्सी चालक अरविंद पुत्र ओमप्रकाश निवासी मुबारकपुर, थाना डिडौली के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।