अमरोहा। सरेआम गालीगलौज से टोकने पर गुस्साए युवकों ने बैंक कैशियर के घर धावा बोल दिया। तोड़फोड़ कर दंपति को बेरहमी से पीटा और सोने के कुंडल छीन लिए। पीड़ित ने कोतवाली में शिकायत की तो दरोगा ने चुनाव की बहानेबाजी कर टरका दिया। बैंक कर्मी ने एसपी से शिकायती पत्र देकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बेगम सराय कलां निवासी नईम अहमद स्थानीय सिंडिकैट बैंक में कैशियर है। 18 अप्रैल को उनके घर के मोड़ पर खड़े कुछ युवक आपस में गाली गलौज कर रहे थे। बैंक कैशियर ने महिलाओं के गुजरने की बात कहते हुए उन्हें डांटकर भगा दिया। इसके बाद युवकों ने परिजनों व दोस्तों के साथ बैंक कर्मी के घर पर चढ़ाई कर दी। जमकर उत्पात मचाया और पुलिस से शिकायत करने पर अंजाम भुगतने की धमकी देकर फरार हो गए। हमले से सहमे नईम अहमद ने हिम्मत जुटाकर कोतवाली में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। जानकारी होने पर हमलावर युवक रविवार को दोबारा आ धमके। घरेलू सामान तोड़फोड़ दिया और गाली गलौज करने लगे। विरोध पर बैंक कर्मी और उनकी पत्नी को पीटकर घायल कर दिया। आरोप है कि पत्नी से कुंडल भी छीनकर ले गए। एसपी ने मामले के गंभीरता से लेकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए है।