अमरोहा। पोलिंग बंद होते ही काफी संख्या में मतदान सहायक अधिकारियों ने ईवीएम व चुनावी सामग्री बूथों पर छोड़कर घर की ओर दौड़ लगा दी। रिसीविंग भी नहीं ली। पीठासीन अधिकारियों ने मंडी समिति पहुंचकर ईवीएम जमा कराई। इस मामले में रिसीविंग नहीं लेने वाले मतदान कार्मिकों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
गुरुवार को शाम छह बजे मतदान समाप्त हुआ। पोलिंग पार्टियाें को ईवीएम शील्ड करने और कागजी कार्रवाई पूरी करने में करीब सात बजे गए। बूथों पर ही कर्मियों को भत्ता बांटा गया। भत्ते की रकम जेब में आते ही काफी मतदान सहायक अधिकारी ईवीएम और चुनावी सामग्री बूथों पर छोड़कर घरों को चलते बने। पीठासीन अधिकारियों को सारी जिम्मेदारी संभालनी पड़ी। पीठासीन अधिकारियों ने मंडी समिति पहुंचकर ईवीएम जमा कराई। जबकि मतदान सहायक अधिकारियों को ईवीएम जमा कराने के बाद रिसीविंग मिलने के बाद ही घर जाने के निर्देश दिए गए थे। बावजूद इसके आदेशों पर अमल नहीं किया गया है। इसका खुलासा एक पीठासीन अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर अमर उजाला के कार्यालय पर पहुंचकर किया। मतदान संपन्न होने के बाद अब सरकारी व्यवस्थाओं की पोल खुलनी शुरू हो गई है।
उधर, प्रशासिनक अफसरों ने बताया कि मामला संज्ञान में है, यदि किस तरह की मतदान सहायक अधिकारियों ने लापरवाही की है तो उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए जवाब तलब किया जा रहा है।