हसनपुर/गजरौला। मुरादाबाद के निजी अस्पताल में डेंगू से गजरौला के एमएससी के छात्र की मौत हो गई। उधर, गंगेश्वरी क्षेत्र में एक महिला में डेंगू की पुष्टि हुई है। जिसे गंभीर हालत में मेरठ अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मौसम बदलने के साथ-साथ ही बीमारियां भी लोगाें को घेर रही हैं। सबसे ज्यादा डर लोगों को डेंगू से लग रहा है। गजरौला के मोहल्ला सुल्ताननगर निवासी बाबू हसन पुत्र बली मोहम्मद(24) कई दिन से बुखार से परेशान था। कई डाक्टरों से उपचार कराया, लेकिन आराम नहीं मिला। इस पर परिजनों ने मुरादाबाद स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन गंभीर हालत के चलते रविवार की सुबह दम तोड़ दिया। उधर, गांव पौरारा निवासी चंद्रवती पत्नी प्रकाश (50) भी कई दिन से बुखार से परेशान है। परिजनों ने एक निजी अस्पताल में उपचार कराया, लेकिन फायदा नहीं मिला। जिस पर परिजन मेरठ ले गए और वहां पर डाक्टराें ने डेंगू की पुष्टि की है।