गजरौला (अमरोहा)। क्रिकेट के क्षेत्र में जिले के एक और होनहार युवक ने अपनी उपस्थित दर्ज कराई है। क्षेत्र के सिहाली जागीर गांव के रेलवे कर्मी के 21 वर्षीय बेटे मोहम्मद आजम खां का रेलवे की रणजी टीम में चयन हुआ है। वह आठ नवंबर को मुंबई में अपना पहला मैच खेलेंगे।
बुधवार की शाम हैदराबाद से अचानक आजम ने फोन कर अपने वालिद रेलवे कर्मचारी अकरम खां और वालिदा मुसव्विरजहां को अपने सिलेक्शन की खबर दी तो दोनों खुशी से झूम उठे। नौगांवा सादात के विधायक अशफाक अली खां के भाई अकरम सीबीगंज (बरेली) रेलवे स्टेशन पर कार्यालय अधीक्षक हैं। अमर उजाला को उन्होंने बताया कि सभी औपचारिकताएं पूरी हो गई हैं। बीस अक्तूबर को उसे हैदराबाद में कैंप में शामिल कर लिया जाएगा। इसके बाद वह आठ नवंबर को मुंबई में अपना पहला मैच खेलेगा। उधर, आजम को मिली इस उपलब्धि से आदियन इंटरनेशनल स्कूल में कार्यरत उसके कोच मोहम्मद अली भी खुशी से लबरेज हैं। उन्होंने बताया कि वे आईपीएल में खेल रहे गांव कटाई के जावेद और राजस्थान लीग में खेल रहे जोया निवासी अजहर को भी कोचिंग दे चुके हैं।