अमरोहा। शहर से 48 घंटे पूर्व अगवा छात्र की हत्याकर लाश को नाले में फेंक दिया गया। नौकर ने दोस्तों के साथ मिलकर अपहरण की साजिश रची थी। बारह लाख की फिरौती देने से इंकार पर इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। शक की बिना पर हिरासत में लिए गए युवकों ने जुर्म का इकबाल किया तो पुलिस भी सन्न रह गई। परिवार में कोहराम मच गया। भारी फोर्स की मौजूदगी में लाश का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इलाके में फोर्स तैनात कर दी गई है।
शहर कोतवाली अंतर्गत मुहल्ला पीरगढ़ निवासी ऋषिपाल का बेटा प्रिंस शनिवार की शाम राजकीय इंटर कालेज में चल रहीं नुमाइश देखकर घर लौटते समय रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिजनों ने काफी खोजबीन की। लेकिन प्रिंस का सुराग नहीं लग सका था। रविवार की सुबह ऋषिपाल के मोबाइल फोन पर आई बारह लाख रुपए की फिरौती की कॉल से छात्र के अपहरण का खुलासा हुआ तो परिवार में खलबली मच गई।
सर्विलांस से मोबाइल नंबर ट्रेस कर पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी थी। सोमवार को शक की बिना पर उसने नौकर अशोक व उसके दोस्त प्रदीप को कस्टडी में लेकर पूछताछ की। दोनों ने मोतीनगर निवासी वेदप्रकाश का नाम उगलते हुए प्रिंस (10) को अगवा कर हत्या करने का इकबाल कर लिया। शाम करीब छह बजे इनकी निशानदेही पर कुंदन कालेज के पीछे सटे एक नाले से लाश बरामद कर ली गई।