अमरोहा। अपने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का विरोध कर रहे पांच परिवारों से स्वास्थ्य विभाग की टीम हार गई और उसे बैरंग वापस लौटना पड़ा। इससे अभियान की मुहिम को तगड़ा झटका लगा है। उधर, स्वास्थ्य विभाग की टीम बुधवार को विरोधी परिवारों को समझा-बुझाकर बच्चों को खुराक पिलाने का पुन: प्रयास करेगी।
सघन पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार से जीरो से पांच साल तक के बच्चों को खुराक पिलाने के लिए अभियान चलाया गया है। मंगलवार को बड़ाबाजार, मोहल्ला कुरेशी, मोहल्ला नल, अंसारियान में दस परिवाराें ने पोलियो खुराक पिलाने का विरोध किया। टीम के समझा-बुझाने के बाद पांच विरोधी परिवार अपने बच्चों को खुराक पिलवाने को तैयार हुए। जबकि बाकी पांच परिवारों में विरोध बरकरार रहा। विरोध की सूचना पर स्वास्थ्य अफसर मौके पर पहुंचे। अफसरों ने समझा-बुझाकर विरोधी परिवारों के बच्चों को खुराक पिलाने का प्रयास किया। लेकिन सफलता नहीं मिली। आखिरकार निराश होकर लौटना पड़ा।
पोलियो अभियान के नोडल अधिकारी डा. अजय वर्मा ने बताया कि अब तक दो लाख चालीस हजार बच्चों को खुराक पिलाई गई है। हाईरिक्स एरिया क्षेत्रों में एक दो स्थानों पर खुराक का विरोध किया गया है।