अमरोहा। साल के 365 दिन का लंबा सफर तय करती हुई रेल मंत्री की ‘पवन मेल’ सिर्फ उम्मीदों पर गुबार उड़ाती हुई जिले के दो प्रमुख स्टेशनों से होकर पटरी से गुजर गई। रेलमंत्री के ट्रेन रूट पर अमरोहा आया ही नहीं। अहम पहलू यह रहा कि पिछले बजट से हाथ मसलने के बाद वही दावों के पुराने राग अलापने वाले जनप्रतिनिधियों के कसमे और वादे भी इसी रेल बजट में काफूर हो गए। हालांकि यही नेता भला दावों से बाज आने वाले कहां। चिरपरिचित अंदाज में अब भी यही झुनझुना थमाने की कोशिश में जुटे हैं कि बजट में दो ओवरब्रिज और एक रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण का प्रस्ताव रखा गया है।
एक बार फिर संसद में रखे यूपीए-टू के रेल बजट से लगीं उम्मीदें उम्मीद तक ही सीमित रह गई। हर रोज जिले के छोटे बड़े करीब दस स्टेशन से हजारों की तादाद में सफर करने वाले मुसाफिरों को बजट में मायूसी ही हाथ लगी। यह बात अलग है कि जनप्रतिनिधि ठीकरा आदत के मुताबिक विरोधी या कहें विपक्षी दल के नेताओं के सिर फोड़ने से बाज नहीं आए। लेकिन रेल बजट में खुली झूठे दावों की परतों से लाल-पीले हो रहे जनपदवासी अब जल्द चुनाव के इंतजार में कमर कसने लगे हैं।
दरअसल, दोपहर होते ही लोग बेसब्री से संसद में पेश हो रहे रेल बजट पर करीब दो घंटे तक आंखें और कान लगाए रहे। कोई नई ट्रेन तो दूर किसी रेलगाड़ी के ठहराव तक का जिक्र नहीं सुना। यात्रियों को अतिरिक्त सहूलियतें देने की बात छोड़ें स्टेशनों के आधुनिकीकरण के दावों की हवा निकलते ही गुस्से की प्रतिक्रियाएं आना शुरू हो गई। हालांकि सांसद देवेंद्र नागपाल ने जरूर दावा ठोंका कि बजट में अतरासी व गढ़मुक्तेश्वर क्रासिंग पर स्वीकृत ओवरब्रिज का धन शामिल किया गया है। जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि बजट की कापी स्टडी करूंगा। फिलहाल गजरौला, मुरादाबाद व रामपुर स्टेशन के आधुनिकीकरण को बजट में शामिल होने की बात सामने आई है। ट्रेनों का ठहराव बजट में नहीं घोषित होता।