रजबपुर। युवक की हत्या कर कातिलों ने लाश खेत में फेंक दी। गले में रस्सी का फंदा डालने के बाद उसकी बेरहमी से पिटाई भी की गई। शाम ढलते ही इस सनसनीखेज वारदात की खबर से इलाके में दहशत फैल गई। बहरहाल, शिनाख्त कराने में नाकाम पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखा है। हालांकि, देर रात हत्या के क्लू नहीं मिलने से उसने मामले में मुकदमा दर्ज नहीं किया था।
रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव तेलीपुरा में बुधवार देर शाम ग्रामीण खेतों से काम निपटाकर घर जा रहे थे। गोविंद के खेत से गुजरने पर झाड़ियों के बीच खून से लथपथ युवक की लाश पड़ी देख उनकी चीख निकल गई। हत्या की खबर से गांव में दहशत फैल गई और रजबपुर थाने में हड़कंप मच गया।
आननफानन में मौके पर दौड़ी पुलिस ने शव कब्जे मेें ले लिया। युवक के गले में पड़ी रस्सी और शरीर पर जख्मों ने कहानी खुद बयां कर दी। देखते ही देखते भीड़ लग गई। पुलिस ने लाश की पहचान कराने के प्रयास किए, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। थानाध्यक्ष ओमपाल सिंह ने बताया कि युवक की उम्र करीब पच्चीस वर्ष है। दाहिने हाथ पर सतीश नाम गुदा है। युवक की गला घोट कर हत्या से पहले पिटाई की गई है। पीएम रिपोर्ट आने पर ही खुलासा हो सकेगा।