ढबारसी (अमरोहा)। राज्यमंत्री के भाई और दारोगा के बीच मारपीट के मुद्दे पर क्षेत्र में पहुंचे गंगेश्वरी के पूर्व विधायक हरपाल सिंह और कार्यकर्ताओं में जमकर जूतम पैजार हुई। पूर्व भाजपा सांसद चेतन चौहान की मौजूदगी में ही वर्तमान में गजरौला के नगर पंचायत अध्यक्ष व भाजपा कार्यकर्ता के बीच जमकर मारपीट हुई। इससे कार्यकर्ता हक्के-बक्के रह गए। किसी तरह से मामले को शांत कराया। दोनों ओर से समर्थक भी एकत्र होने लगे। पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से बाजार बंद करा दिया। एतियातन बाजार में पुलिस फोर्स तैनात है।
शनिवार को बस स्टैंड पर पार्टी का एक कार्यक्रम था, जिसमें पूर्व सांसद चेतन चौहान ने शिरकत की। इसके बाद सभी लोग कार्यकर्ता प्रेमदत्त गौड़ के घर पर जलपान करने के लिए चले गए। जलपान के दौरान ही विकास कार्यों को लेकर भाजपा कार्यकर्ता और पूर्व विधायक के बीच जमकर नोकझोंक हुई और बात मारपीट तक पहुंच गई। दोनों तरफ से जमकर हाथापाई हुई। किसी तरह से मामले को शांत कराया। सूचना मिलने पर दोनों के समर्थक भी अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। मारपीट की सूचना पुलिस पहुंच गई। बाजार में जमा भीड़ को खदेड़ दिया और सुरक्षा की दृष्टि से बाजार भी बंद करा दिया।