अमरोहा। रेलवे स्टेशन पर आकर रुकी मुरादाबाद पैसेंजर ट्रेन की एक बोगी से अचानक उठी लपटों से हड़कंप मच गया। किसी भीषण हादसे की आशंका से यात्री कूदकर भाग निकले। जिससे प्लेटफार्म पर काफी समय तक अफरातफरी रही। हालांकि सफाई कर्मियों की तुरंत कोशिश से हालात जल्द काबू में आ गए।
मुरादाबाद जा रही पैसेंजर ट्रेन जैसे ही प्लेटफार्म नंबर एक पर रुकी अचानक उसकी एक बोगी संख्या 14956 के निचले हिस्से से लपटें उठना शुरू हो गई। प्लेटफार्म पर खड़े मुसाफिरों की नजर पड़ते ही उन्होंने शोर मचा दिया। भगदड़ मची और यात्री भीषण आग की आशंका से खड़ी रेलगाड़ी से ही कूद पड़े। अफरातफरी का माहौल हो गया। रेलवे स्टेशन पर ही आन ड्यूटी सफाई स्टाफ को बुला लिया गया। करीब आधा दर्जन रेलकर्मियों ने आग को विकराल रूप लेने से पहले ही नियंत्रण में कर लिया।
इधर, आग और धुंए से यात्री सहम उठे। रेलवे स्टाफ भी खासा सकते में आ गया। आरपीएफ और जीआरपी अलर्ट हो गई। हालांकि जल्द ही हालातों पर काबू पा लिए जाने पर ट्रेन को कुछ देर बाद ही मुरादाबाद रवाना कर दिया गया। इस दौरान पैसेंजर ट्रेन लगभग दस मिनट प्लेटफार्म पर खड़ी रही। स्टेशन अधीक्षक आरके सिंघल के मुताबिक पहियों के तकनीकी रगड़ से इस तरह धुंए और चिंगारी की स्थिति पैदा हो जाती है। जिसके लिए रेल स्टाफ चौकन्ना रहता है।