अमरोहा। सहकारी समिति के बाद विभाग ने अब पूर्ति भंडार के बकाएदारों पर शिकंजा कसा है। पूर्ति भंडार के सोलह हजार बकाएदार किसान चुनाव में मतदान नहीं कर पाएंगे। इन्हें सत्रह अक्तूबर तक बकाया जमा करने का अल्टीमेटम दिया है।
सहकारी समिति चुनाव को लेकर विभाग ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। शासन से मिले फरमान को अमलीजामा पहनाने के लिए विभाग ने बकाया जमा न करने पर पूर्ति भंडार के सोलह हजार किसानों के मतदान करने पर रोक लगाई है। सहकारी विभाग ने किसानों को सत्रह तक बकाया जमा करने का अल्टीमेटम दिया है। सोलह हजार किसानों पर विभाग का चार करोड़ रुपये बकाया है। इससे पहले समिति के तीस हजार बकाएदार किसानों के मतदान करने पर रोक लगा चुका है। दरअसल विभाग द्वारा बकाएदारों को कई बार नोटिस देकर चेताया भी जा चुका है। बावजूद इसके किसानों ने बकाया जमा नहीं किया। लिहाजा शासन ने इनके मतदान करने पर रोक लगा दी है। 57 सहकारी समितियों के लिए 29 व 30 को मतदान होना है।