अमरोहा। सहकारी समिति के संचालक मंडल का 17 अक्टूबर और सभापति का 18 अक्टूबर को होने वाला चुनाव स्थगित कर दिया गया है। शासन स्तर से दूसरी बार चुनाव की तिथि में बदलाव हुआ है। अब 21 और 22 नवंबर को चुनाव कराए जाने प्रस्तावित किए गए हैं। वहीं चुनाव स्थगित होने से तैयारियां धरी रह गई हैं।
आखिकार वहीं हुआ जिसका अंदेशा था। शासन ने दूसरी बार सहकारी समिति चुनाव को स्थगित कर भावी उम्मीदवारों के मंसूबों पर पानी फेर दिया है। वहीं, चुनाव की सभी तैयारियां धरी रह गई हैं। पिछले पंद्रह दिन से सहकारिता विभाग चुनावी तैयारी में जुटा था। अब नए सिरे से निर्वाचन प्रक्रिया शुरू करानी होगी। इससे कर्मचारियों पर कार्य का अतिरिक्त भार पड़ेगा। विभागीय अफसरों ने बताया कि अब 21 नवंबर को संचालक मंडल और 22 नवंबर को सभापति और उपसभापित चुनाव की तिथि निर्धारित की गई है।
गौरतलब है कि सबसे पहले समिति चुनाव आठ और नौ अगस्त को कराए जाने थे। लेकिन चुनाव की तिथि में बदलाव कर 17 और 18 अक्टूबर निर्धारित की गई। तीस सितंबर को चुनाव की अधिसूचना जारी की गई। एक सितंबर को समितियों पर निर्वाचन कार्यक्रम चस्पा किया गया। विभाग ने सभी तैयारियों को अंतिम रुप दे चुका था। लेकिन ऐन वक्त पर चुनाव स्थगित कर तैयारियों पर पानी फेर दिया है।