गणतंत्र दिवस की पावन बेला पर पुलिस लाइन में वस्त्र एवं रेशम उद्योग मंत्री महबूब अली ने तिरंगा फहराकर शांति व स्वतंत्रता के प्रतीक कबूतर उड़ाए। परेड की सलामी लेने के बाद उन्होंने संबोधन में सरकार का सहयोग करने की अपील की।
गणतंत्र दिवस पर पुलिस लाइन की छटा ही निराली थी। वस्त्र एवं रेशम उद्योग मंत्री महबूब अली ने ध्वजारोहण किया। कबूतरों और गुब्बारों को आसमान में छोड़ते ही सशस्त्र पुलिस व पीएसी के जवानों ने हवाई फायर कर तिरंगे को सलामी दी। कैबिनेट मंत्री ने अपने संबोधन में विकास कार्यों में सहयोग की अपील की।
शासन की उपलब्धि, योजनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया। खुली जीप पर सवार होकर परेड में शामिल टुकड़ियों का निरीक्षण किया। श्रीमद् कन्या गुरुकुल महाविद्यालय चोटीपुर, आरके पब्लिक, नायाब अब्बासी गर्ल्स डिग्री कालेज, केबीएम, सरदार हमीदी मिशन समेत विभिन्न स्कूलों की छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत व कार्यक्रम प्रस्तुत कर जश्न को दोगुना कर दिया।
कैबिनेट मंत्री ने समाज सेवियों, पुलिस मित्रों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों तथा देशभक्ति कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस मौके पर एसपी संजीव त्यागी, एएसपी विजय गौतम, सीओ सिटी शील कुमार, सीओ धनौरा मोहन लाल, जिला पंचायत सदस्य सकीना बेगम, परवेज अली सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। संचालन असलम उस्मानी ने किया।
हसनपुर कोतवाल को उत्कृष्ट सेवा सम्मान
अमरोहा। शासन ने हसनपुर कोतवाल समेत पांच पुलिस कर्मियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया है। हसनपुर कोतवाल अनिल कुमार समानिया, डीआईजी कार्यालय से संबद्ध उपनिरीक्षक मान सिंह को उत्कृष्ट सेवा सम्मान सिंह, कांस्टेबल ओमपाल शर्मा, नरेंद्र कुमार को सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह और रविंद्र कुमार को डीजीपी के प्रशंसा पत्र से नवाजे गए हैं। सभी को पुलिस लाइन में आयोजित हुई परेड के दौरान कैबिनेट मंत्री महबूब अली के हाथों पुरस्कार दिलाया गया।