पिछली बार हुए 2012 के विधानसभा चुनाव के पांच साल बाद जिले की सभी छह विधानसभा सीटों में मतदाताओं की संख्या भी बढ़ी है। सबसे ज्यादा मतदाताओं की संख्या में बढ़ोतरी अल्मोड़ा क्षेत्र में हुई है जबकि सबसे कम वृद्धि रानीखेत विधानसभा क्षेत्र की है। अल्मोड़ा में पांच साल में 10,539 और रानीखेत में 5,791 मतदाता बढ़े हैं। इस लिहाज से जिले की छह विधानसभा सीटों में कुल बढ़े मतदाताओं की संख्या 47,584 हो गई है।
निर्वाचन विभाग के आंकड़ों पर नजर डालें तो 2012 के विधानसभा चुनावों के समय द्वाराहाट सीट में 82,723 मतदाता थे जो इस बार बढ़कर 89,602 हो गए हैं यानि 6,879 का इजाफा हुआ है। सल्ट विधानसभा सीट में पिछली बार 89,552 मतदाता थे जबकि इस बार 95,156 हो गए हैं यानि 5,604 मतदाता इस सीट में बढ़े हैं। रानीखेत सीट पर पिछले चुनाव में 72,786 मतदाताओं के सापेक्ष इस बार 78,577 मतदाता हो गए हैं। इस हिसाब से रानीखेत में 5,791 मतदाता बढ़े हैं।
आरक्षित सीट सोमेश्वर विधानसभा सीट में पिछले चुनाव में 74,477 मतदाता थे जो इस बार बढ़कर 84,566 हो गए हैं। इस हिसाब से इस सीट में 10089 मतदाता ज्यादा बढ़े हैं। वहीं अल्मोड़ा विधानसभा सीट में पिछली बार 77,418 मतदाताओं में इस बार सबसे ज्यादा 10,539 मतदाता बढ़े हैं। इस बार अल्मोड़ा सीट में 87,957 मतदाता हो गए हैं। जागेश्वर विधानसभा सीट में पिछली बार 80893 मतदाताओं की अपेक्षा इस बार संख्या 89,575 पहुंच गई है यानि 8,682 मतदाता बढ़े हैं। वास्तविक संख्या घटने-बढ़ने के कारण इन आंकड़ों में सर्विस मतदाताओं को नहीं जोड़ा गया है।