रानीखेत (अल्मोड़ा)। तहसील के राजकीय जूनियर हाईस्कूल पौड़ा कोठार की सहायक अध्यापिका एवं जिला खेल समन्वयक यशोदा कांडपाल ताइवान में 17 से 30 मई तक होने वाले वर्ल्ड मास्टर गेम्स में प्रतिभा दिखाएंगी। यशोदा ट्रिपल जंप और हार्डल रेस में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
इस आयोजन में 148 देशों के करीब 20 हजार खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। यशोदा इससे पहले इटली, मलेशिया और सिंगापुर में आयोजित मास्टर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में चार स्वर्ण, तीन रजत और एक कांस्य पदक जीत चुकी हैं। उनके मार्गदर्शन में कई छात्र राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच चुके हैं।
उनके पति जवाहर नवोदय विद्यालय में कार्यरत हैं और उन्हें परिवार का पूरा सहयोग मिल रहा है। यशोदा कांडपाल की उपलब्धि पर विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल, बीईओ हरेंद्र साह, ब्लॉक अध्यक्ष डॉ. शिवराज सिंह बिष्ट समेत क्षेत्रवासियों ने खुशी व्यक्त की है। संवाद