रानीखेत (अल्मोड़ा)। विकासखंड ताड़ीखेत के ग्राम चौना में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल स्याहीदेवी की टीम ने जीता। प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों ने भाग लिया।
सोमवार को प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला स्याहीदेवी और मंडलकोट की टीम के बीच खेला गया। पहले खेलते हुए स्याहीदेवी की टीम ने 18 ओवर में पांच विकेट खोकर 244 रन बनाए। जवाब में मंडलकोट की पूरी टीम 11 ओवर में 100 रन पर ऑलआउट हो गई। मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की कुमाऊं संयोजक विमला रावत ने विजेता और उप विजेता टीम को पुरस्कार दिए। उन्होंने युवाओं को खेलों से भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया। स्याहीदेवी टीम के नवीन भट्ट को मैन आफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया। अंपायर नीरज महरा और अजय महरा रहे। आयोजकों ने सहयोग के लिए सभी का आभार जताया। इस मौके पर रवींद्र बिष्ट, भूपेंद्र महरा, अजय महरा, पंकज महरा, कमल महरा, बालम महरा आदि मौजूद रहे।