हेलीपैड का चार माह से ठप पड़ा कार्य फिर शुरू हो गया है। इसके लिए सिमेंट कटर मशीन भी पहुंच गई है। शुक्रवार को संबंधित कर्मी हेलीपैड की सफाई आदि में लगे रहे। खचार खेल मैदान में बनाए जा रहे हेलीपैड का निर्माण कार्य पिछले चार माह से अधर में लटका था इसको लेकर लोगों द्वारा आवाज उठाने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही थी।
इधर बीते दिनों अमर उजाला में इससे संबंधित खबर प्रमुखता से छपने के बाद हेलीपैड का निर्माण कर रही वुडहिल कंपनी के अधिकारी नींद से जागे हैं। कंपनी द्वारा तीन दिन के भीतर कार्य शुरू कर देने की बात कही गई थी।
शुक्रवार को संबंधित कंपनी हेलीपैड में बनाए गए आरसीसी फर्श के कटान और समतलीकरण के लिए मशीन भी ले आई है। जबकि कुछ कर्मी हेलीपैड की सफाई आदि कार्यों में जुट गए हैं। हेलीपैड का रुका कार्य फिर शुरू होने पर लोगों ने अमर उजाला का आभार जताया है।