केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्र से पलायन रोकने के लिए पहाड़ में ऊन और रेशम उत्पादन को बढ़ावा देकर रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएंगे। साथ ही स्थानीय लोगों को प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। इसके लिए शीघ्र ही केंद्र से एक विशेषज्ञों की एक टीम को इस इलाके में भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि 2017 में प्रदेश में पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनेगी।
अमर उजाला से खास मुलाकात में उन्होंने कहा कि उच्च हिमालयी क्षेत्र में ऊन उत्पादन की काफी संभावनाएं हैं। भेड़ पालन को बढ़ावा देकर ऊन का उत्पादन बढ़ाने के साथ ही इससे जुड़े उत्पादों को मार्केट उपलब्ध कराने का काम किया जाएगा। कहा कि पर्वतीय क्षेत्र में रेशम उत्पादन की भी काफी संभावनाएं हैं।
जब वह उत्तराखंड सरकार में मंत्री थे उस दौर में भी उन्होंने सोमेश्वर इलाके में करीब 300 काश्तकारों को उत्पादन के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण की व्यवस्था करवाई थी। टम्टा ने कहा कि इन कार्यों को आगे बढ़ाकर पहाड़ से पलायन काफी हद तक रोका जा सकेगा। शीघ्र ही केंद्र से विशेषज्ञों की एक टीम भी यहां भेजी जाएगी। टम्टा ने कहा कि उन्होंने अपने लोकसभा क्षेत्र की अधिकांश सड़कों को एनएच के अंतर्गत करवा दिया है ताकि उनकी सही देखरेख हो सके। पंचेश्वर बांध का निर्माण भी प्रगति पर है। पीएमजीएसवाई के तहत कई सड़कों का निर्माण चल रहा है लेकिन प्रदेश के कांग्रेस नेता केंद्र की योजनाओं का राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार के कामकाज से जनता खुश है और 2017 के विधानसभा चुनावों में राज्य में भाजपा की सरकार बनेगी।