स्याल्दे (अल्मोड़ा)। विकासखंड के दूरस्थ ग्राम पंचायत परथोला निवासी मंजू देवी (45) की राम गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई। वह मंगलवार को अपने घर से लगभग 200 मीटर दूर राम गंगा नदी में कपड़े धोने गई थी।
शाम तक वापस नही लौटने पर आसपास के लोगों ने खोजबीन शुरू की। इस दौरान नदी किनारे कपड़े मिले लेकिन मंजू देवी का पता नहीं चल सका। इसकी सूचना स्थानीय पुलिस चौकी मासी को दी गई। बुधवार को लापता मंजू देवी का शव राम गंगा नदी में मिला। ग्रामीणों के मुताबिक, उसके पति का पहले देहांत पहले हो गया था। वह घर पर अकेली रहती थी। मंजू देवी का कोई संतान भी नहीं है। सास कुछ समय पहले दिल्ली चली गई। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंचे क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि तारा दत्त शर्मा ने बताया कि मंजू देवी का पांव फिसलने से वह तेज बहाव में वह गई होगी। चौकी मासी के प्रभारी सतेंद्र यादव ने कहा कि फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।