संवाद न्यूज एजेंसी
अल्मोड़ा। विनायक-भिकियासैंण मोटर मार्ग पर सिरकौन के पास हुए बस हादसे के मृतकों के शव पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचे। इस दौरान गांव का माहौल गमगीन हो गया। परिजन शव देखकर बदहवास हो गए और ग्रामीण निशब्द।
परिजनों के आंखों से बह रहे आंसू किसी अपने को खोने का असहनीय दर्द बयां कर रहे थे। बुधवार को दिन में भिकियासैंण के त्रिवेणी घाट पर जमोली निवासी गोविंद बल्लभ मठपाल, पार्वती देवी और नंदन सिंह की एक साथ तीन चिताएं लगाई गईं।
जैसे ही चिताओं में आग लगाई गई परिजन और घाट पर मौजूद लोग गमगीन हो उठे। पाली निवासी तारा देवी का अंतिम संस्कार गांव के दीपगाड़ और घुघती निवासी गोविंदी देवी का अंतिम संस्कार तुतरिया श्मशान घाट पर किया गया।
यहां परिजन, करीबी, रिश्तेदार और क्षेत्र के लोग दिवंगतों को अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे थे। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि यह हादसा परिवारों पर वज्रपात की तरह गिरा है। ऐसा हादसा आगे भगवान कभी किसी के लिए न लाए।