अल्मोड़ा। भिकियासैंण विकासखंड के मछोड़ में तूफान और तेज हवाओं के चलते अकसर बिजली के झूलते तारों से लोगों को करंट लगने का खतरा बना रहता है। बिजली के खंभों के बीच की दूरी अधिक होने से बिजली के तार काफी नीचे तक हवा में लहरा रहे हैं। ऐसे में अब यूपीसीएल नौ लाख 50 हजार से इन बिजली की लाइनों को दुरूस्त कर बिजली के जर्जर हो चुके खंभों की जगह नए खंभे स्थापित करेगा। इस पहल से जहां हादसों का खतरा कम होगा। वहीं लोगों को बिजली संकट से नहीं जूझना पड़ेगा।
भिकियासैंण विकासखंड के मछोड़ में यूपीसीएल बिजली की एलटी लाइनों के बीच 100 मिड स्पान पोल स्थापित करेगा। स्पान पोल की मदद से एक से दूसरे खंभे के बीच बिजली के तारों के बीच की दूरी कम होगी। इससे बिजली के तारों में कसावट बनी रहेगी। झूलते तारों के बीच में पोल लगने से भारी तारों में खिंचाव कम होगा। इससे तारों के जमीन पर लटकने और टूटने का खतरा नहीं होगा। इसके साथ ही यूपीसीएल बिजली के जर्जर हो चुके खंभों की जगह नए खंभे स्थापित करेगा। इसके लिए शासन से नौ लाख 50 हजार का बजट अवमुक्त हो चुका है। योजना के अस्तित्व में आने पर लोगों को बिजली के झूलते तारों से निजात मिलेगी। वहीं तारों के टूटने से लोगों को बिजली संकट का भी सामना नहीं करना पड़ेगा।
कोट
टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही मछोड़ में मिड स्पान पोल स्थापित करने का कार्य शुरू किया जाएगा ताकि बिजली के झूलते तारों को व्यवस्थित किया जा सके। इससे क्षेत्र में बेहतर बिजली आपूर्ति हो सकेगी। - राजेश कुमार मौर्य, ईई, यूपीसीएल भिकियासैंण