फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Almora News: लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे जिले के 23 डॉक्टरों के तबादले

विज्ञापन
विज्ञापन
अल्मोड़ा। स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार रात जिले के 23 डॉक्टरों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। विभाग ने लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे डॉक्टरों के तबादले कर व्यवस्था को नई धार देने और कार्यप्रणाली में संतुलन लाने का प्रयास किया है। स्थानांतरित किए गए डॉक्टरों के बदले जिले को महज 18 डॉक्टर मिले हैं।
विज्ञापन

दरअसल जिले के पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में अस्पताल डॉक्टरों की कमी से जूझ रहे हैं। वहीं दूसरी ओर जिला मुख्यालय और इसके आसपास के इलाकों में डॉक्टरों की संख्या अपेक्षाकृत अधिक होने से संसाधनों का संतुलन प्रभावित हो रहा था। कई डॉक्टर वर्षों से एक ही स्थान पर जमे थे। स्वास्थ्य विभाग ने सर्जरी कर डॉक्टरों को इधर से उधर किया है। तबादला सूची में विभिन्न श्रेणियों के डॉक्टरों को शामिल किया गया है। इसमें जिला अस्पताल, मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) और विभिन्न विशेषज्ञ सेवाओं से जुड़े चिकित्सक शामिल हैं। सीएमओ डॉ. हरीश चंद्र पंत ने बताया कि विभाग के आदेशानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
-
जिला अस्पताल के पीएमएस सहित कई इधर से उधर
जिला अस्पताल से कई चिकित्सक और नर्स इधर से उधर किए गए हैं। जिला अस्पताल के पीएमएस डॉ. एचसी गड़कोटी का जिला अस्पताल नैनीताल, रेडियोलॉजिस्ट डॉ. नरेश कुमार का उप जिला अस्पताल रामनगर, वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार लस्पाल का जिला अस्पताल नैनीताल, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मनीष पंत का जिला अस्पताल पिथौरागढ़, डॉ. हेमा रावत पांगती का जिला अस्पताल पिथौरागढ़, सर्जन डॉ. अमित सुकोटी का जिला अस्पताल पिथौरागढ़, फिजिशियन डॉ. हरीश चंद्र आर्या का जिला अस्पताल बागेश्वर स्थानांतरण किया गया। इसके अलावा जिला अस्पताल की तीन नर्सिंग अधिकारियों का भी तबादला किया गया है। दीपा बुदियाल का जिला अस्पताल से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जौलजीवी तबादला किया गया है। सुनीता गड़िया का सामुदायिक केंद्र बैजनाथ (बागेश्वर) और मयंक सैम्यूल का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रिखड़ीखाल (पौड़ी) स्थानांतरण किया है।
विज्ञापन


चौखुटिया में पांच नए चिकित्सकों की तैनाती

चौखुटिया (अल्मोड़ा)। उप जिला चिकित्सालय चौखुटिया की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती देने के लिए पांच नए चिकित्सकों की तैनाती की गई है। इनमें चार चिकित्सक उप जिला चिकित्सालय चौखुटिया में और एक चिकित्सक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धामदेवल में सेवाएं देंगे। वहीं चौखुटिया में तैनात तीन चिकित्सकों का अन्य स्थानों पर तबादला किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी तबादला सूची के अनुसार डॉ. सुरेश कुमार, डॉ. रश्मि शर्मा, डॉ. सैय्यद अब्बास और डॉ. बृजेश सिंह को उप जिला चिकित्सालय चौखुटिया में तैनाती दी गई है जबकि डॉ. राखी गुसाईं का स्थानांतरण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धामदेवल में किया गया है। दूसरी ओर उप जिला चिकित्सालय चौखुटिया में कार्यरत डॉ. अमजद खान, डॉ. अमित रतन और डॉ. सोनी का अन्य स्थानों पर तबादला किया गया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि नए डॉक्टरों के आने से ओपीडी और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की उम्मीद जगी है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें