अल्मोड़ा। बंगलूरू में हुई 15वीं यूनियन बैंक ऑल इंडिया जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट में राज्य के शटलरों का शानदार प्रदर्शन रहा है। उत्तराखंड के लक्ष्य सेन ने स्वर्ण पदक, उनके बड़े भाई एयर इंडिया के चिराग सेन ने रजत, बोधित जोशी ने स्वर्ण, कांस्य, ध्रुव रावत ने कांस्य पदक जीता है।
19 आयु वर्ग के बालक एकल में एयर इंडिया के चिराग सेन ने सेमीफाइनल में उत्तराखंड के बोधित जोशी को 21-16, 19-21 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। बोधित को कांस्य पदक मिला। उत्तराखंड के लक्ष्य सेन ने इसी वर्ग के फाइनल मैच में अपने बड़े भाई चिराग सेन को 21-14, 21-18 से पराजित कर स्वर्ण पदक जीता। चिराग को रजत पदक मिला।
युगल में उत्तराखंड के बोधित जोशी और मिथुन एम की जोड़ी ने फाइनल में स्वमांज बोरा और कौस्तुभ रावत को 21-12, 21-12 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। अंडर 17 के युगल के सेमीफाइनल में उत्तराखंड के ध्रुव रावत और वी कानाकाला की जोड़ी को हार का सामना करना पड़ा। उन्हें कांस्य पदक मिला।
उत्तराखंड बैडमिंटन संघ के सचिव बीएस मनकोटी ने बताया कि प्रतियोगिता 14 से 19 जून तक बंगलूरू में हुई। खिलाड़ियों की सफलता पर उत्तराखंड बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष अशोक कुमार, सचिव बीएस मनकोटी, उपाध्यक्ष संजय गुंज्याल, अलकनंदा अशोक, राकेश डोबाल, पुनीता नगलिया, एसएसपी केएस नगन्याल, सीडीओ प्रकाश चंद्र, वरिष्ठ कोषाधिकारी विक्रम सिंह जंतवाल, डीके सेन, सभासद हेम तिवारी आदि ने खुशी जताई है।