चौखुटिया (अल्मोड़ा)। थाना पुलिस ने शुक्रवार रात एक पिकप से अंग्रेजी शराब की 149 पेटियां बरामद की हैं। इसकी कीमत करीब आठ लाख रुपये आंकी गई है। दो तस्कर भी पकड़े गए।
थानाध्यक्ष अशोक कांडपाल बताया कि शुक्रवार रात पुलिस गश्त कर रही थी। इसी दौरान उन्हें मासी से चौखुटिया की तरफ एक संदिग्ध पिकप के आने की सूचना मिली। उन्होंने पूरी फोर्स के साथ चौखुटिया-मासी मोटर मार्ग में ढौन सड़क के पास नाकेबंदी कर चेकिंग बढ़ा दी। तभी रात करीब 12 बजे पिकप यूके 01 सीए 1042 को रोका। वाहन रुकते ही एक व्यक्ति अंधेरे का लाभ उठाकर भाग गया जबकि दो लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया। इनके नाम मासी निवासी दीपक बिष्ट और बेरीपड़ाव हल्द्वानी निवासी जय चंद्र पांडे बताया गया, जबकि मौके से फरार मासी निवासी गोविंद सिंह बिष्ट उर्फ बबलू की तलाश की जा रही है। शराब तस्करों से दो फर्जी एफएल 36 फार्म भी बरामद किए गए हैं। तलाशी लेने पर पिकप में 149 पेटियों में रखी गई अंग्रेजी शराब के अद्धे, पव्वे, बोतलें बरामद की गईं। पुलिस ने वाहन समेत शराब भी जब्त कर ली। पकड़ी गई शराब की कीमत करीब आठ लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट और आपदा प्रबंधन एक्ट सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। शराब पकड़ने वाली टीम में थानाध्यक्ष अशोक कांडपाल, मनमोहनसिंह मेहरा, दीपक कुमार, हर्षपाल, नीरज कुमार, अनीस अहमद आदि थे।