द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। राशन कार्ड बनवाने, लाभार्थियों को पेंशन सुविधाओं का लाभ देने की मांग को लेकर बग्वालीपोखर में पवित्र प्रयास संस्था से जुड़े भूपाल सिंह भंडारी का क्रमिक अनशन दूसरे दिन भी जारी रहा। उन्होंने 13 दिसंबर तक समस्याएं हल नहीं होने पर 14 दिसंबर से आमरण अनशन करने की चेतावनी दी है। इधर समर्थन देने पहुंचे भाजपा नेता महेश नेगी ने भी समर्थन में अनशन पर बैठने का ऐलान किया है।
लंबे समय से लोगों के राशन कार्ड नहीं बनने, विधवा, किसान पेंशनरों को लाभ नहीं मिलने से आक्रोशित बग्वालीपोखर के भंडरगांव निवासी बीडीसी सदस्य भूपाल सिंह भंडारी ने क्रमिक अनशन कर रहे हैं। पवित्र प्रयास संस्था के बैनर तले चल रहे क्रमिक अनशन के समर्थन में कई लोग पहुंचे। भंडारी ने कहा कि छह माह से लोगों के राशन कार्ड नहीं बने हैं।
डेढ़-दो सालों से लाभार्थियों को विधवा, किसान पेंशन योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। शासन प्रशासन के लोग हवाई आश्वासनों के माध्यम से लोगों को गुमराह कर रहे हैं। 13 दिसंबर तक दो सूत्रीय मांगें पूरी नहीं होने पर उन्होंने 14 दिसंबर से आमरण अनशन की चेतावनी दी है। कई लोग उनके अनशन को समर्थन देने पहुंचे।
भाजपा नेता महेश नेगी ने भी मांगों को जायज ठहराया, कहा कि शासन प्रशासन के लोग जनता को गुमराह कर रहे हैं। भंडारी की मांग पूरी नहीं होती तो वह भी समर्थन में आमरण अनशन करेंगे। पार्वती देवी, लछिमा देवी, हेमा देवी, मोहनी, सरिता, राधिका, मनोज कुमार, भुवन चंद्र, जगदीश चौधरी, जितेंद्र, नीरज, पंकज कुमार आदि थे।