अल्मोड़ा। कोरोना संक्रमण रोकने के लिए सरकार की ओर से जारी साप्ताहिक कर्फ्यू के चलते तीसरे सप्ताह भी रविवार को अल्मोड़ा बाजार पूरी तरह बंद रहा। साप्ताहिक बंदी और कर्फ्यू के बीच बाजारों में पूरा दिन सन्नाटा पसरा रहा। हालांकि कुछ लोग आवश्यक कार्यों से बाजार पहुंचे लेकिन इस बीच पुलिस ने लोगों को कर्फ्यू के दौरान अनावश्यक न घूमने की हिदायत दी।
साप्ताहिक कर्फ्यूू के दौरान रविवार को अल्मोड़ा में लगने वाले साप्ताहिक बाजार समेत सभी दुकानें बंद रहीं, जबकि मेडिकल स्टोर समेत अन्य जरूरी चीजों की दुकानें खुली रहीं। कर्फ्यू के चलते राशन, सब्जी समेत खाद्य पदार्थों के लिए लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
कर्फ्यू के बाद भी रविवार को कुछ लोग बाजारों में अनावश्यक घूम रहे थे। पुलिस ने ऐसे लोगों को कर्फ्यू का पालन करने की हिदायत दी। चेतावनी दी अनावश्यक घूमने पर चालान भी काटा जाएगा।
बागेश्वर में कोविड कर्फ्यू के दौरान पूरी तरह से बंद रहा बाजार
बागेश्वर। कोविड कर्फ्यू का रविवार को जिले में व्यापक असर रहा। जिला मुख्यालय सहित अन्य तहसीलों में बाजार पूरी तरह बंद रहे। मेडिकल स्टोर और पेट्रोल पंप जैसे आवश्यक प्रतिष्ठान खुले रहे, हालांकि लोगों के नहीं होने से यहां भी सन्नाटा पसरा रहा।
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर से रोकथाम के लिए शासन से जारी कोविड कर्फ्यू का जिले में पूरी तरह से पालन देखने को मिल रहा है। इस रविवार भी सुबह से बाजार में सुनसानी छाई रही। सुबह से बाजार में केवल जरूरी सेवा देने वाले व्यापारी ही मौजूद थे। करीब नौ बजे बाद बाजार में सन्नाटा पसर गया।
टैक्सी स्टैंडों पर भी गिनती के ही वाहन थे। हालांकि बाहर से कुछ वाहन आ रहे थे। इधर कपकोट, भराड़ी, कांडा, गरुड़, कौसानी और काफलीगैर की बाजार में भी कोविड कर्फ्यू पूरी तरह से सफल रहा।
पेट्रोल पंप पर भी सुनसानी
बागेश्वर। पिछले रविवार बरातों के चलते पेट्रोल पंपों में ईंधन भरवाने के लिए वाहन देेखे गए थे। इस रविवार को बरातों की कमी के चलते पेट्रोल पंप पर भी सुनसानी देखी गई। सरकारी वाहन, एंबुलेंस को छोड़कर अन्य वाहनों की आवाजाही बंद होने का असर देखा गया। वहीं मेडिकल स्टोरों में भी बेहद कम ग्राहक देखे गए।
पुलिस ने दिखाई सख्ती
बागेश्वर। बाजार में बेवजह घूमने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रवैया अपनाया। पुलिस टीम लगातार गश्त कर लोगों को घरों में रहने को प्रेरित करती रही। बाजार में बिना कारण घूमने वाले वाहन चालकों के चालान काटे गए। क्षमता से अधिक सवारी बैठाने वाले वाहनों का भी चालान किया।
कोविड कर्फ्यू के दौरान रविवार को जिले के सभी बाजार बंद रहे। पुलिस ने भी नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। लोगों से कोरोना महामारी को नियंत्रित करने में सहयोग देने की अपील भी की गई। अमित श्रीवास्तव, एसपी, बागेश्वर।