गरुड़ (बागेश्वर)। तहसील क्षेत्र के छटिया गांव में पेयजल संकट गहरा गया है। करीब तीन माह से गांव में जलापूर्ति चरमराई है। ग्रामीणों को हैंडपंप और प्राकृतिक स्रोतों से पानी जुटाना पड़ रहा है।
छटिया गांव के लिए दाबू-हड़ाप गांव से पेयजल योजना का निर्माण किया गया था। क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रमोद जोशी ने बताया कि योजना काफी पुरानी है। गांव के 20-22 परिवारों को इससे पानी की आपूर्ति होती है। पूर्व में लोगों को पर्याप्त पानी मिल रहा था। जल जीवन मिशन के तहत योजना से कनेक्शन देने के बाद नियमित पानी नहीं मिल रहा है। पेयजल संकट के कारण ग्रामीणों को दिक्कत उठानी पड़ रही है।
ग्रामीण विनोद गोस्वामी, प्रकाश गोस्वामी, हरीश गोस्वामी, चंदन रावत, भावना देवी आदि ने जल्द जलसंकट से निजात दिलाने की मांग की है। जल संस्थान के जेई नीरज बिष्ट ने कहा कि लाइनमैन को मौके पर भेजकर जांच कराई जाएगी। जल्द पेयजल संकट को दूर किया जाएगा।