अल्मोड़ा। जल जीवन मिशन के अंतर्गत 2024 तक जिले में पेयजल कनेक्शनों से वंचित करीब एक लाख परिवारों को व्यक्तिगत पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे। ताकि प्रत्येक परिवार को स्वच्छ पेयजल मिल सके। इसके लिए 2139 राजस्व गांवों में कुल 880 नई पेयजल योजनाएं बनाई जाएंगी।
जिले के ग्रामीण इलाकों में स्थित गांवों में पेयजल स्टैंड पोस्ट स्थापित हैं। गांवों में एक स्टैंड पोस्ट से कई घरों के लोग पानी भरते हैं। वहीं अनेक इलाकों में प्राकृतिक जल स्रोतों से लोग पानी लागकर गुजारा करते हैं। कई बार तो लोगों को शुद्ध पेयजल नहीं मिल पाता है। केंद्र सरकार का 2024 तक प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन 55 लीटर पानी उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। इसके लिए जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल से जल योजना के तहत प्रत्येक घर तक पेयजल संयोजन उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।
गांवों में सभी घरों को पेयजल कनेक्शन से आच्छादित करने के लिए जिले में कुल 880 नई पेयजल योजनाएं बनाने जानी हैं। 2024 तक वंचित करीब एक लाख लोगों के घरों में जल संयोजन दिए जाने हैं। यह जल संयोजन गांवों में चल रही पेयजल योजाओं और नई बनाई जानी वाली पेयजल योजनाओं से मिलेंगे। इसके लिए गांवों में समितियों का भी गठन किया गया है। पेयजल निगम निर्माण शाखा के अधिशासी अभियंता केडी भट्ट ने बताया कि 78 पेयजल योजनाओं को जिला जल एवं स्वच्छता समिति से मंजूरी मिल गई है। जिसके बाद 38 पेयजल योजनाओं का निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया है। चालू वित्तीय वर्ष में जिल में 20977 परिवारों को पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।