कोरोना संक्रमण के भय से गरुड़ बाजार पूर्ण बंद
- फोटो : GARUD
गरुड़ (बागेश्वर)। गरुड़ पुल के पास भूखंड में लंबे समय से वास कर रहे 30 बिहारी श्रमिकों की कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव पर प्रशासन ने गरुड़ गरुड़ देवनाई तिराहे मार्ग की सभी दुुकानों को अगले आदेश तक के लिए बंद करा दिए है। कोरोना संक्रमण के भय से व्यापार संघ गरुड़ और टानीखेत ने आवश्यक वस्तुओं की दुकानों को छोड़कर अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठान तीन दिन के लिए बंद करने का निर्णय लिया है।
गरुड़ पुल के पास एक बिहारी श्रमिक कुछ दिन पूर्व बुखार और सर्दी, जुकाम से पीड़ित था। टेस्टिंग में उसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर प्रशासन ने उसे कोविड सेंटर बागेश्वर में भर्ती कर दिया था। संक्रमण की आशंका के चलते स्वास्थ्य विभाग ने कुछ दिन पहले गरुड़ पुल के पास एक भूखंड में रह रहे 30 बिहारी श्रमिकों सहित 40 लोगों के सैंपल लिए थे। इनमें से 30 श्रमिकों और एक नर्स की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्रशासन ने पॉजिटिव 30 बिहारी श्रमिकों और एक नर्स को जिला चिकित्सालय बागेश्वर में बने कोविड वार्ड में भर्ती करा दिया है। स्थानीय प्रशासन ने संक्रमण के भय से गरुड़ पुल तिराहे को सील कर दिया है। व्यापार संघ गरुड़ और टानीखेत ने संक्रमण के भय से एक बैठक कर आवश्यक वस्तुओं की दुकानों को छोड़कर सभी दुकानों को तीन दिन के लिए बंद कराने का निर्णय लिया है। व्यापार संघ गरुड़ के अध्यक्ष अखिल जोशी, टानीखेत व्यापार संघ के अध्यक्ष प्रेम सिंह नेगी ने व्यापारियों से बंद को सफल बनाने में सहयोग देने को कहा है।
कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आए लोगों के लिए जाएंगे सैंपल
गरुड़ (बागेश्वर)। मोहन सिंह मेहता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. एसएस गुंज्याल ने बताया कि पॉजिटिव आए 30 बिहारी श्रमिकों और नर्स के संपर्क में आए लोगों के भी सैंपल लिए जाएंगे। उन्होंने कोरोना पॉजिटिव आए लोगों के संपर्क वाले सभी लोगों से अस्पताल आकर कोरोना की जांच कराने को कहा है।