रानीखेत (अल्मोड़ा)। गगास पेयजल पंपिंग योजना की पाइप लाइन टूटने के कारण ताड़ीखेत ब्लॉक के 28 गांवों में पानी का संकट हो गया है। घिंघारीखाल, चौकुनी के पास लाइन टूटने के कारण ग्रामीण दूरदराज के पेयजल स्रोतों पर निर्भर हो गए हैं। इधर जल संस्थान ने मजगांव, ताड़ीखेत हायडिल क्षेत्र में टैंकर से पानी बांटा।
ताड़ीखेत क्षेत्र में पानी की समस्या लंबे समय से है। पिछले दिनों संयुक्त मजिस्ट्रेट ने ताड़ीखेत बाजार क्षेत्र की समस्या का संज्ञान लिया था। मजगांव तोक और ताड़ीखेत हाइडिल क्षेत्र में गगास पेयजल योजना के पानी से आपूर्ति होती है। इन दिनों पाइपलाइन टूटने के कारण वहां पेयजल समस्या है। जल संस्थान ने वहां टैंकरों से पानी बंटवाया। सिमोली, पथुली, गैरड़, पांडेकोटा, बित्थड़, चमोली, सौंखला, टेड़ागांव, चिलियानौला आदि क्षेत्रों में पानी का संकट है। हालांकि कुछ इलाकों में तिपौला पंपिंग योजना से काम चल रहा है। जल संस्थान के जेई मनोज पांडे ने बताया कि लाइन को ठीक कर दिया गया है। शीघ्र ही पानी की आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।