पेयजल समस्या को लेकर संयुक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपते डौरब के ग्रामीण। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। सब्जी उत्पादन के लिए मशहूर डौरब गांव में भी लंबे समय से पानी की किल्लत बनी हुई है। यहां एड़ी - रूमा पेयजल योजना से आपूर्ति की जाती है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले एक महीने से पानी की पर्याप्त आपूर्ति न होने से भारी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों को दो किमी दूर प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी ढोने को विवश होना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने यहां संयुक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देकर तत्काल समस्या का निराकरण करने की मांग उठाई है।
संयुक्त मजिस्ट्रेट अपूर्वा पांडेय को सौंपे ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा है कि डौरब क्षेत्र सब्जी उत्पादन के लिए मशहूर है। यहां कई तरह की सब्जियों का उत्पादन प्रचुर मात्रा में होता है, लेकिन पानी के अभाव में अब सब कुछ सिमट रहा है।
पीने के लिए तक आपूर्ति नहीं हो पा रही है। शीतलाखेत से बनी पेयजल योजना के पाइप लाइन जीर्ण क्षीर्ण होने के कारण आए दिन पानी की किल्लत रहती है। ग्रामीण दो दो किमी दूर स्थित प्राकृतिक जल स्रोतों से आपूर्ति कर रहे हैं।
योजना पिछले दो माह से लगातार खराब पड़ी हुई है, इस संबंध में कई बार विभागीय अधिकारियों को सूचना दी गई, लेकिन वह भी सुनने को तैयार नहीं हैं।
संयुक्त मजिस्ट्रेट ने ग्रामीणों को सार्थक कार्रवाई का आश्वासन दिया। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रधान सोनिया बिष्ट, कविता जोशी, लक्ष्मण सिंह बिष्ट शामिल थे।