अल्मोड़ा। कोसी नदी में 31 घंटे बाद बृहस्पतिवार सुबह पेयजल की पंपिंग शुरू हो सकी। नगर के कुछ हिस्सों को छोड़कर अधिकांश इलाकों में दूसरे दिन भी लोगों को पानी नहीं मिला। कई लोगों को प्राकृतिक जलस्रोत नौलों से पानी लाकर गुजारा करना पड़ा।
मंगलवार रात जिलेभर में बारिश और ओलावृष्टि हुई। सोमेश्वर घाटी क्षेत्र में अधिक बारिश से कोसी में बाढ़ आ गई थी। इससे मलबा और सिल्ट बहकर आने लगी। इस कारण मंगलवार रात 11 बजे जल संस्थान को तीनों पेयजल पंपों से पानी की आपूर्ति बंद करनी पड़ी। इस कारण बुधवार को नगर और आसपास के इलाकों में पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद रही।
नदी का पानी कुछ साफ होने के बाद बृहस्पतिवार सुबह छह बजे जल संस्थान ने कोसी नदी से पेयजल पंपिंग शुरू की। इसके बाद पांडेखोला, रानीधारा, दुगालखोला, खत्याड़ी समेत एडम्स टैंक से लाभान्वित होने वाले क्षेत्रों को ही पानी मिला, जबकि मुख्य बाजार, मालरोड समेत अधिकांश इलाकों में बृहस्पतिवार को पानी की सप्लाई नहीं हो सकी। कई लोगों ने मोहल्ले के आसपास स्थित प्राकृतिक जल स्रोतों नौलों से पानी लाकर गुजारा किया। जल संस्थान के एई मुकेश कुमार ने बताया कि पानी की पंपिंग शुरू हो गई है। शुक्रवार से नगर में पेयजल की आपूर्ति सुचारु हो जाएगी।