गर्मी शुरू होते ही नगर समेत आसपास के गांवों में पेयजल किल्लत शुरू हो गई है। पेयजल किल्लत से प्रभावित लोग जिला प्रशासन से शिकायतें कर लगे हैं। जिलाधिकारी सविन बंसल ने सभी तहसीलों के एसडीएम, तहसीलदार और जल संस्थान के अधिकारियों को पेयजल संकट वाले क्षेत्रों में टैंकरों, खच्चरों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
नगर के ढूंगाधारा, दुगालखोला, जोशी खोला आदि जगहों पर जल संकट गहराना शुरू हो गई है। नगर के कई मोहल्लों में एक दिन छोड़कर लोगों को पानी मिल पा रहा है। इधर सोमेश्वर, भतरौजखान, सल्ट, देघाट में भी पानी का संकट बना हुआ है। जिलाधिकारी सविन बंसल ने शिकायतें मिलने पर अधिकारियों को पानी की किल्लत से जूझ रहे क्षेत्रों में टैंकरों और खच्चरों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को पेयजल की आपूर्ति बाधित होने वाले क्षेत्रों का चिन्हीकरण कर उनकी व्यवस्था ठीक करने को भी कहा है।
डीएम ने सिंचाई विभाग को कोसी बैराज पर पूरी नजर रखने और पानी की स्टोरेज की सूचना प्रत्येक दिन कंट्रोल रूम में देने, जल संस्थान को अवैध रूप से टुल्लू पंप चलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया है। पेयजल विभाग के अधिकारियों को टूटी हुई पेयजल लाइनें तुरंत जोड़ने, उप जिलाधिकारियों से अपने क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर समस्या प्रभावित क्षेत्रों में पानी वितरण की व्यवस्था ठीक करने के निर्देश दिए हैं।